ABVP के पूर्व संगठन मंत्री पर बलात्कार का आरोप, जबलपुर में मामला दर्ज

6/10/2019 9:44:13 AM

जबलपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री व बीजेपी के कार्यकर्ता उपेन्द्र धाकड़ के खिलाफ युवती ने आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। युवती ने बताया कि उपेन्द्र धाकड़ और उसके बीच संबंधों की जानकारी विदिशा के तत्कालीन बीजेपी विधायक और अन्य नेताओं को भी थी।



महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उपेन्द्र धाकड़ ने कई बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यालय में शादी करने की बात कहकर उसके साथ संबंध बनाए। उसने यह भी आरोप लगाया कि भोपाल में पुराना डाकघर के पास स्थित भाजपा कार्यालय में कई बार बुलाया और शादी करने का आश्वासन देकर शारीरिक संंबंध बनाए।



इतना ही नहीं युवती ने कहा कि उपेन्द्र ने उससे विधानसभा के बाद शादी करने का वादा किया था लेकिन इसी दौरान पता चला कि वे 19 फरवरी को किसी और लड़की से शादी करने जा रहे हैं। तभी मजबूरन उन्होंने अपनी सारी आप बीती परिजनों को सुनाई व परिजनों के साथ मिल लड़की के परिजनों को उसके और उपेन्द्र के बीच संबंधों की जानकारी दी। इसके बाद वह शादी टूट गई।



युवती का कहना है कि उसने इस बारे में महिला मोर्चा अध्यक्ष अश्विनी परांजपे को जानकारी दी थी। उन्होंने चुनाव तक रुकने की बात कहते हुए उपेन्द्र को समझाने की बात कही थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

meena

This news is meena