मांडू में गरजे शिवराज, बोले- गठबंधन वाली सरकारें कभी देश का भला नहीं कर सकती

12/10/2019 4:30:35 PM

भोपाल(इजहार हसन खान): मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान आज झारखंड के मांडू में अपने साथी जय प्रकाश पटेल के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में झारखंड के भूतपूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा पर निशाना साधा, शिवराज ने कहा "कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा, उसमें से निकले मधु कोड़ा, भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड तोड़ा, विकास की राह में बन गये रोड़ा"। गठबंधन वाली सरकारें कभी न देश का भला कर सकती हैं, न झारखंड का। बता दें कि कांग्रेस,आरजेडी और झामुमो ने मधु कोड़ा को मुख्यमंत्री बनाया था।


 

जय प्रकाश पटेल के पक्ष में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए शिवाज सिंह ने कांग्रेस सरकार पर खूब निशाने साधे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चन्द्रशेखर, देवेगौड़ा, आई के गुजराल को प्रधानमंत्री बनाया लेकिन कुछ समय बाद सभी की सरकारें गिरा दी। कांग्रेस एक धोखेबाज़ पार्टी है। यह पहले बनाती है, फिर बर्बाद करती है। हमें एक स्थिर सरकार चाहिए, रामराज चाहिए और यह सिर्फ झारखंड की भाजपा सरकार ही दे सकती है।



शिवराज सिंह ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता की ओर से आपके लिए शुभकामनाएं लेकर आया हूं। आप सब सुखी रहें, सबका मंगल हो, झारखंड आगे बढ़े। एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं हो सकते। कश्मीर विलय का मामला पं.नेहरू के हाथों में था जिसका खामियाज़ा हम आज तक भुगत रहे थे। उन्होंने धारा 370 समाप्त करने की बात करते हुए पीएम मोदी तथा अमित शाह की तारीफ भी की।



उन्होंने आगे कहा कि, मैं पूरे विश्वास से कहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और झारखंड का ऐसा विकास करेंगे कि देखने वाले देखते रह जायेंगे। यह विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, झारखंड के भाग्य और भविष्य बनाने का चुनाव है।

आपको बता दें कि, 81 सदस्यों वाली झारखंड विधानसभा के चुनाव की घोषणा हो गई है। पांच चरणों में होने वाले ये चुनाव 30 नवंबर, 7, 12, 16 और 20 दिसंबर को होना तय हुए हैं इनकी मतगणना 23 दिसंबर को होगी। फिलहाल दो चरणों का मतदान हो चुका है और तीन चरणों का मतदान होना बाकी है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल दिसंबर के आखिरी सप्‍ताह में खत्‍म हो जाएगा।

 

meena

This news is Edited By meena