BMHRC में मनाया गया 10वां एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजिस्ट डे, तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका पर जोर
Tuesday, Jul 21, 2026-10:17 AM (IST)
भोपाल। भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMHRC) के ऑडिटोरियम में सोमवार को 10वां एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजिस्ट डे मनाया गया। कार्यक्रम की थीम “Aligning Recruitment with NCAHP Standards” रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में BMHRC की डायरेक्टर डॉ. मनीषा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अनुराग यादव, डीन डॉ. सुरभि सहाय, ऑप्थल्मोलॉजी विभाग के एचओडी, पैरामेडिकल की प्रिंसिपल डॉ. हेमलता और रोमा रस्तोगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ऑपरेशन थिएटर और स्वास्थ्य सेवाओं में टेक्नोलॉजिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। बताया गया कि ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों के साथ टेक्नोलॉजिस्ट भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। ऑपरेशन थिएटर के अलावा आईसीयू, सीसीयू और इमरजेंसी जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में भी टेक्नोलॉजिस्ट की अहम भूमिका होती है।
वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नई तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। ऐसे में टेक्नोलॉजिस्ट भी नई-नई तकनीकों को सीखकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अपना योगदान दे रहे हैं। टेक्नोलॉजिस्ट के पेशे की पहचान और उनके योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से हर साल 20 जुलाई को यह दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर संस्थान की डायरेक्टर डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने कहा कि मरीजों की देखभाल में टेक्नोलॉजी और टेक्नोलॉजिस्ट की अहम भूमिका होती है। उन्होंने संदेश दिया कि किसी भी काम को कभी छोटा नहीं समझना चाहिए और मरीजों के प्रति हमेशा ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में टेक्नोलॉजिस्ट इंदर सिंह रौतेला, कैलाश तिवारी, किशन शाह, सुरेंद्रनाथ ठाकुर, लाल विजय, घनश्याम जोशी, ओम प्रकाश, आरके सिंह, मनोज मिश्रा, पंकज सेलके, रजनीश शुक्ला, प्रवीण मिश्रा, संतोष कुमार ठाकुर, संध्या, किरण बारा सहित अन्य टेक्नोलॉजिस्ट और उनके साथियों ने भाग लिया।

