भाजपा की ताकत में हुआ इजाफा! प्रदेश में 122 जनप्रतिनिधियों ने ज्वाइन की BJP, CM ने दिलाई सदस्यता
Thursday, Sep 10, 2026-08:12 PM (IST)
रायपुर : छत्तीसगढ़ के अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 122 जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यहां कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सभी को पार्टी का गमछा पहनाकर सदस्यता दिलाई। भाजपा के अनुसार पार्टी में शामिल होने वालों में क्षेत्र के पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और ग्राम पटेल प्रमुख रूप से शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने नवप्रवेशियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का भाजपा के प्रति विश्वास प्रदेश सरकार की बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में चलाई जा रही विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ये सभी जमीन से जुड़े जनसेवक हैं और इनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अंत्योदय के संकल्प के साथ प्रदेश के प्रत्येक गांव और नागरिक तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, नवीन माकर्ंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, कांकेर जिला अध्यक्ष महेश जैन और प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

नवप्रवेशी जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास के लिए संगठन के साथ मिलकर काम करने का संकल्प लिया। इस बीच मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को पोला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व किसानों के परिश्रम, कृषि संस्कृति और पशुधन के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

