अस्पतालों में मरीजों का जमावड़ा, अलग-अलग कार्यक्रमों में खाना खाने से 150 लोग हुए बीमार

4/8/2019 4:21:39 PM

उज्जैन: जिले में देर रात दो विवाह समारोह व एक अन्य कार्यक्रम में रविवार देर रात खाना खाने के बाद 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी की शिकायत के बाद सभी को जिला अस्पताल सहित अन्य चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने फूड पॉयजनिंग की आशंका जताई है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है।


दरअसल, केडी गेट पर सलीम भाई के यहां विवाह समारोह था। बरात इंदौर से आई थी। यहां करीब 500 लोगों ने रिसेप्शन में खाना खाया था। भोजन में चिकन और खोपरापाक परोसा गया था। विवाद समारोह में अचानक हड़कंप मच गया जब खाना खाने के बाद एकाएक कई लोगों को उल्टियां होने लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इसी तरह ताजपुर में भी एक विवाह समारोह में खाना खाने के बाद कई लोग बीमार हो गए। यहां भी खाने में खोपरापाक परोसा गया था।



यहां करीब 400 लोगों ने खाना खाया था। वहीं ऐसा ही माहौल सदावल में कन्हैयालाल यादव के घर सूरज पूजा में देखने को मिला। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों ने भोजन किया था। यहां भी कई लोग बीमार पड़ गए। प्रभावितों की संख्या 150 से अधिक बताई जा रही है। जिला अस्पताल के अलावा चरक और चेरिटेबल अस्पताल में बीमारों को भर्ती किया गया है। कई नर्सों को भी इमरजेंसी में हॉस्पिटल बुलाया गया है। आधा दर्जन से अधिक डॉक्टरों की टीम उपचार में लगी हुई है।
 

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR