जनकपुर बना बागेश्वर धाम! 251 बेटियों के हुए विवाह, आशीर्वाद देने पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
Wednesday, Feb 26, 2025-03:30 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : संतों की तपोस्थली बागेश्वर धाम में वह घड़ी आ गई जिसका हम सबको इंतजार था। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस वर्ष 251 बेटियों को परिणयसूत्र में बांधने का संकल्प लिया है। महाराज श्री का यह संकल्प आज पूरा होने जा रहा है। महाशिवरात्रि पर्व पर 251 बेटियां परिणय सूत्र में बंधी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बेटियों को आशीर्वाद देने बागेश्वर धाम आ रही है। समूचा बागेश्वर धाम आज जनकपुर जैसा लग रहा है। चारों तरफ बेटियों के विवाह की खुशियां फैली है।
सजे धजे बागेश्वर धाम ने 251 दूल्हों का भव्य स्वागत किया। समूचा धाम आधुनिक रोशनी से जगमगा रहा है। पूरी व्यवस्थाओं के बीच बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर महाराज ने अपने सभी जमाईयों को घोड़े पर बैठाकर उनकी बारात निकलवाई। महाराज श्री का संकल्प है कि किसी के बीच जाति पांति और ऊंच नीच का भेदभाव न हो। 251 कन्याओं में 108 कन्याएं आदिवासी समाज की है जो बेहद गरीब और आर्थिक रूप से असमर्थ है। सभी 251 बेटियों को महाराज श्री उपहार के रूप में घर गृहस्थी का सारा सामान दे रहे हैं। इस बार महत्वपूर्ण यह है कि महाराज श्री अपनी बेटियों को आटा चक्की दे रहे हैं ताकि बेटियां अपने ससुराल में आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके।
डब्ल्यूडब्ल्यूसी ने किया रोमांचित, ग्रेट खली ने दिया नशा न करने का संदेश
अमेरिका की सुख सुविधा त्याग कर ग्रेट खली अपने देश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रहे हैं । ग्रेट खली का कहना है कि यदि युवा नशा त्यागेंगे और खेलों की ओर आकर्षित होंगे तो न केवल देश का मान बढ़ेगा बल्कि देश खेलों में सशक्त होगा। ग्रेट खली ने बीती रात अपने शागिर्दों से जो खलबली मचाई वह देखने लायक थी। खली के लड़कों ने रिंग में उतरकर नायाब कुश्ती दिखाई। रोमांस तब बढ़ गया जब रिंग में महिला पहलवान उतरी। एक दूसरे को पटखनी देने में लगी महिला पहलवानों की कुश्ती देखकर लोग आकर्षित हुए। बागेश्वर धाम के लिए यह एक अनोखा प्रदर्शन रहा। महिला पहलवानों में रुचिका,दया कौर, तानिया सहित सभी 6 महिलाए जालंधर पंजाब एकेडमी की स्टूडेंट हैं। वहीं पुरूष वर्ग में जेटी बाबा, माजा,सहित 14 पहलवानों ने अपने दांव पेंच दिखाए।
बता दें कि कि बीते दो दिनों से बागेश्वर धाम में देश के प्रख्यात संतों का आगमन जारी है। विगत रोज जगतगुरू स्वामी रामानंदाचार्य महाराज के अलावा अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक चिन्मयानंद बापू जी, राज राजेश्वरानंद महाराज लंदन, डॉ. हनुमान ददरूआ सरकार, इंद्रेश उपाध्याय, राजूदास महाराज हनुमानगढ़ी अयोध्या, गीता मनीषी जी शामिल हैं।