कांग्रेसियों की मांग, 3 बार बगावत करने वालों हमेशा के लिए बाहर का रास्ता दिखाओ

12/14/2018 10:55:15 AM

उज्जैन: हार के कारणों पर चिंतन के लिए उज्जैन दक्षिण के कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र वशिष्ठ ने गुरुवार को शिप्रा-गंगा गार्डन में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। इसमें कार्यकर्ताओं ने पार्टी से बगावत करने वालों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। चुनाव संचालक मंडल ने कहा-ऐसे लोगों को चिह्नित कर छह साल नहीं, हमेशा के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की जरूरत है। इस संबंध में जल्द ही एक प्रस्ताव बनाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा। जिसमें तीन बार बगावत करने वालों के नाम शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि बागियों को सबक सिखाना जरूरी हो गया है। ऐसे लोगों के नाम कांग्रेस कार्यालय में लिखे जाने चाहिए ताकि अन्य कार्यकर्ता इन्हें पहचान सकें। 



चुनाव संचालक मनोहर बैरागी बोले-कांग्रेस में दो तरह के लोग हैं एक पद पर रहने के लिए और दूसरे जिनके दिल में कांग्रेस है। कांग्रेस पार्टी नहीं, हमारी मां है उनसे गद्दारी करना शर्मनाक है। बद्रीलाल मरमट ने कहा-दलालों को हटाना जरूरी है। हमें उनकी पहचान कर पार्टी को सूची भेजना चाहिए। अंतरसिंह पटेल बोले-ऐसे लोगाें को चुनें जो दिखावे के लिए हमारे साथ थे कार्यकारी अध्यक्ष रवि भदौरिया ने कहा-पार्टी से बगावत करने के बाद भी उन्हें बार-बार वापस ले लिया जाता है। ऐसे लोगों को छह साल के लिए नहीं आजीवन बाहर किया जाना चाहिए।

आनंद बागोरिया बोले- महाकाल की सवारी में बहुत भीड़ होती है लेकिन उसमें कुछ जेबकतरे भी होते हैं। कांग्रेस में हमें ऐसे ही जेबकतरों को पहचानना होगा। लोकेश झांझरी ने कहा- जिन बूथों से पार्षद जीते वहीं से हमारी हार हुई। इसके मायने यह हैं कि भितरघात हुआ है। हटेसिंह पटेल बोले-जो भी गुनाहगार है उसे सजा दिलाएं। अपने लोगों को पहचानें। दीपक मेहरे ने कहा-जयसिंह दरबार के साथ उनके भाई विजयसिंह दरबार को भी पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस में रहकर नाम कमाया लेकिन पार्टी विरोध काम किए। 

 

suman

This news is suman