Punjab Kesari MP ads

युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 35 दावेदार, इंटरव्यू में मांगे आंदोलन और प्रदर्शन के सबूत

Tuesday, May 26, 2026-11:13 AM (IST)

CG News: छत्तीसगढ़ राज्य में भिलाई शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस संगठन में सियासी हलचल तेज हो गई है। करीब 35 से ज्यादा युवाओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के खेमों को लेकर अधिक चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि इनके समर्थक युवा नेताओं को मौका मिल सकता है।

जानकारी के अनुसार, बीती 24 और 25 मई को रायपुर स्थित राजीव भवन में इन दावेदारों का इंटरव्यू लिया गया। इस दौरान प्रत्याशियों से उनके राजनीतिक अनुभव और संगठन में कामकाज को लेकर कई सवाल पूछे गए। जिसमें उनकी राजनीति में सक्रियता कितने सालों से हैं, अब तक कौन-कौन से आंदोलनों में शामिल रहे और संगठन के लिए कितने नए सदस्य जोड़े आदि पूछा गया। इसके अलावा यह भी पूछा गया कि वे अब तक किन पदों पर काम कर चुके हैं और वर्तमान में उनकी जिम्मेदारी क्या है।

इस बार युवा कांग्रेस के चुनाव में पुराने नेताओं के बेटे और पूर्व पदाधिकारी भी मैदान में उतरे हैं। इसी कारण चुनाव का मुकाबला काफी रोचक हो गया है। संगठन में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच हर गुट अपने समर्थक को अध्यक्ष बनाने की कोशिश में जुटा हुआ है। वहीं, अगले 3 से 4 दिनों में नाम फाइनल होने की चर्चा है। इसके बाद सदस्यता और वोटिंग के आधार पर चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। आपको बता दें कि 10 जून से 10 जुलाई तक सदस्यता और वोटिंग की प्रक्रिया चलेगी। इसी आधार पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव होगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla