सतना में बस पलटने से 4 की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल

9/20/2019 11:56:47 AM

सतना(रविशंकर पाठक): सतना के पास अमरपाटन किरहाई क्षेत्र में एक यात्री बस अनिंयत्रित होकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही सतना एसपी रियाज इकबाल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।



जानकारी के अनुसार, हिनौती से अमरपाटन जा रही बस रास्ते में पलट गई। बस के पलटते ही उसमें बैठे कुछ यात्री उसके नीचे दब गए। चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए आए और रेस्क्यू का काम शुरू किया। लेकिन साधन नहीं होने की वजह से लोगों को निकालने में काफी समय लग गया। हैरानी की बात यह है कि हादसे के आधे घंटे तक प्रशासन या पुलिस का कोई अमला मौके पर नहीं पहुंचा।



ऐसे में ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे बस को सीधा किया। तब जाकर उसके नीचे दबे लोग निकाले जा सके। हालांकि इस दौरान कई लोग दम तोड़ चुके थे। आनन-फानन में लोगों ने गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
 

meena

This news is Edited By meena