भोपाल में 78वें तबलीगी इज्तिमा की शुरुआत, 23 देशों से पहुंच रहे श्रद्धालु
Saturday, Nov 15, 2025-04:58 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : दुनियाभर में अपनी खास पहचान रखने वाला आलमी तबलीगी इज्तिमा शुक्रवार सुबह से भोपाल के ईंटखेड़ी स्थित इज्तिमागाह में शुरू हो गया है। चार दिन चलने वाला यह मजहबी समागम सोमवार को होने वाली दुआ-ए-खास के साथ संपन्न होगा। इन चार दिनों में दिल्ली मरकज समेत इंडोनेशिया, केन्या, मलेशिया, सऊदी अरब, ईरान, मोरक्को सहित 23 देशों से आए जायरीन (श्रद्धालु) पहुंच रहे हैं और आवागमन लगातार जारी है। गुरुवार रात से ही भोपाल और बाहरी राज्यों से लोगों का आगमन शुरू हो गया था। शुक्रवार सुबह तक लगभग आधा पंडाल नमाज़ियों से भर चुका था। इज्तिमा के दौरान सादगी के साथ सैकड़ों निकाह भी होंगे। समापन के बाद विभिन्न देशों और राज्यों से आई जमातें तअलीमी और तबलीगी सफर पर रवाना होंगी।
गुरुवार से ही देश के अलग-अलग हिस्सों से जमातों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। शुक्रवार सुबह फजिर की नमाज के बाद तकरीरों और इल्मी बयानों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
बता दें कि दुनिया के बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल भोपाल में लगने वाली इज्तिमा, हज के बाद दूसरा सबसे बड़ा जलसा माना जाता है। राजधानी में इसकी शुरुआत मात्र 13 लोगों से हुई थी, जो आज बढ़कर 13 लाख की तादाद तक पहुंच चुकी है।

