Punjab Kesari MP ads

शादी की खरीदारी कर लौट रहे मां-बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत, शादी की खुशियों को लगी नजर!

Saturday, Nov 21, 2026-04:05 PM (IST)

खरगोनः मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र में बड़वाह-मंडलेश्वर मार्ग पर खराड़ी गांव के पास कार और कंक्रीट बूम पंप मशीन की आमने-सामने की टक्कर में मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों शादी की खरीदारी कर कार से अपने गांव लौट रहे थे। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों उसमें फंस गए। महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि मृतकों की पहचान स्वाति पाटीदार (45) और उनके बेटे मोनेश पाटीदार (25) के रूप में हुई है।

दोनों अपने गृह ग्राम करोंदिया लौट रहे थे, तभी खराड़ी गांव के पास उनकी कार सामने से आ रही कंक्रीट बूम पंप मशीन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई मीटर दूर जा गिरी और भारी मशीन भी सड़क पर घूम गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला को कार से बाहर निकालकर महेश्वर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, युवक को निकालने में करीब डेढ़ घंटे लगे। ग्रामीणों ने जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से कार के क्षतिग्रस्त हिस्से हटाकर उसका शव बाहर निकाला।

बताया गया कि मोनेश एमबीए स्नातक था और उसकी जल्द ही शादी होने वाली थी। समीप के होटल संचालक रोहित जोशी ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे थे। उस समय भारी वाहन सड़क पर आड़ा खड़ा था और कार का अगला हिस्सा तथा इंजन बुरी तरह दबकर सवारों के ऊपर आ गए थे। पुलिस के अनुसार कोविड महामारी के दौरान मोनेश के पिता और दादी की भी मृत्यु हो गई थी। अब मां-बेटे की मौत के बाद परिवार में उनका कोई निकट परिजन नहीं बचा है। पोस्टमाटर्म के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News