एक ऐसी खबर जिसने लील ली चार जिंदगियां

11/27/2018 5:41:25 PM

भोपाल: राजधानी में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। पति की मौत की आशंका के चलते उसकी गर्भवती पत्नि ने निर्माणाधीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। पड़ोसियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां खून से लथपथ हालत में उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया और खुद दम तोड़ दिया। तीन घंटे बाद दोनों मासूम बगैर आंख खोले ही इस दुनिया से चले गए। उनके कुछ देर बाद वेंटिलेटर पर चल रहे पति की भी मौत हो गई।

हृदय विदारक घटना सोमवार दोपहर दो बजे कोलार के स्वरूप साईंनाथ नगर में हुई। यहां मुल्ताई के रहने वाले मनोज गोहे अपनी पत्नि के साथ रहते थे। दोनों ने करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। 12 नवंबर को मनोज खांसी और बुखार का चैकअप कराने बंसल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने तकलीफ ज्यादा बढ़ने का हवाला देकर उन्हें भर्ती कर लिया। गायत्री को सात महीने का गर्भ था, लिहाजा मनोज ने उन्हें अस्पताल आने के लिए मना कर दिया। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे गायत्री ने अस्पताल में मौजूद देवर तरुण को फोन किया। गायत्री ने पति का हाल जानना चाहा तो देवर ने कहा कि, भाभी आप अस्पताल आ जाओ। तरुण ने इसके बाद गायत्री को अस्पताल लाने के लिए पड़ोसी को फोन पर कार निकालने के लिए कहा था। इसके बाद गायत्री घर से बाहर निकली और कॉलोनी के गेट के बाहर तीन प्लॉट छोड़कर एक निर्माणाधीन बिल्डिंग मे चौथी मंजिल में जा पहुंची। जहां उसने 40 फीट उंचाई से छलांग लगा दी। पहले वह कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल पर लगी ग्रिल पर गिरी, फिर सड़क पर आकर गिरी।

गायत्री के बड़े भाई नरेश ने बताया कि, पड़ोसियों की मदद से खून से लथपथ गायत्री को पास के अनंतश्री अस्पताल पहुंचाया गया। सांसें थमने से पहले गायत्री ने अपने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। इनमें एक बेटा और एक बेटी थे। इसके लिए डॉक्टरों को ऑपरेशन भी करना पड़ा। बच्चों को जन्म देते ही गायत्री की मौत हो गई। उस वक्त दोनों बच्चे जिंदा थे पर वेंटिलेटर पर थे। लेकिन महज तीन घंटे बाद ही दोनों बच्चों ने भी दम तोड़ दिया।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar