PWD के इंजीनियर का कारनामा! सत्यनारायण की कथा में शामिल होने के लिए जारी किया नोटिस, स्टाफ भी हैरान
Monday, Sep 08, 2025-08:41 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश अजब है और यहां होने वाली घटनाएं गजब है। इसका जीता जागता उदाहरण राजधानी भोपाल में देखने को मिला। जहां सत्यनारायण के कथा में शामिल होने के लिए और महाप्रसादी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सरकारी नोटिस जारी किया गया। यह आयोजन दो दिन पहले लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर के सरकारी बंगले पर हुआ था। नोटशीट के वायरल होने से विभाग में चीफ इंजीनियर हंसी के पात्र बन गए हैं।
इंजीनियर संजय मास्के के नाम से जारी नोटशीट में लिखा गया, ''भोपाल परिक्षेत्र लोक निर्माण विभाग कार्यालय के अधीनस्थ समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को सूचित किया जाता है कि अधोहस्ताक्षरकर्ता के शासकीय निवास क्र. सीपीसी-1 चार ईमली भोपाल पर दिनांक 5 सितंबर को सत्यनारायण भगवान की कथा तदोपरांत दोपहर 1 बजे से महाप्रसादी के वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। महाप्रसादी का लाभ लेने के लिए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को उपस्थित होने के लिए सूचित किया जाता है।''
दरअसल, 5 सितंबर को लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर संजय मास्के के सरकारी बंगले पर सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया गया था। जिसके लिए सरकारी नोटिस जारी किया गया और सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस आयोजन में शामिल होने और महाप्रसादी का लाभ लेने के लिए उपस्थित रहने को कहा गया था।