EVM में गड़बड़ी की आशंका के चलते AAP और कांग्रेस भोपाल जेल के स्ट्रांग रूम के बाहर दे रहे पहरा

12/1/2018 11:28:22 AM

भोपाल: विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ईवीएम को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। जिसके चलते दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता भोपाल की पुरानी जेल के स्ट्रांग रूम के बाहर परहेदारी कर रहे हैं। कांग्रेस पहले ही आशंका जाहिर कर चुकी है कि, ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ हो सकती है। इसलिए एक शिफ्ट लगाकर कांग्रेस और 'आप' कार्यकर्ता लगातार यहां पर पहरा दिए हुए हैं। 

दरअसल शुक्रवार को भोपाल के स्ट्रांग रूम में अचानक ही डेढ़ घंटे के लिए एलईडी बंद हो गई थी। जिसके बाद कांग्रेस और 'आप' लगातार यहां पर पहरा दे रहे हैं। दोनों दलों को आशंका है कि, बीजेपी जीत के लिए कोई भी हथकंडा अपना सकती है। यही वजह है कि, शुक्रवार सुबह से रात तक कांग्रेसी और 'आप' कार्यकर्ता पुरानी भोपाल जेल के बाहर डटे हुए हैं। ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ और अरुण यादव ने ट्वीट कर कार्यकर्ताओं से 11 दिसंबर स्ट्रांग रूम पर कड़ी नजर रखने को कहा है। कमलनाथ ने शुक्रवार की शाम ट्वीट कर कहा कि 'सभी कांग्रेसजन, कांग्रेस प्रत्याशियों से अपील 11 दिसंबर मतगणना तक स्ट्रॉंग रूम व ईवीएम पर निगरानी रखें, विशेष सावधानी रखें। कांग्रेस की सरकार बननी तय है।'

वहीं बुधनी से कांग्रेस प्रत्याशी अरुण यादव ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है कि, 'भोपाल में स्ट्रांग रूम के बाहर लगी एलईएड बंद होना और सागर में गृह मंत्री की विधानसभा सीट की रिज़र्व ईवीएम मशीनों का 48 घंटे बाद पहुंचना चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर रहा है। मैं कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात रहें जिससे कोई साज़िश कामयाब न हो।'

भोपाल डीआईजी धर्मेंद्र चौधरी ने कांग्रेस और 'आप' को भरोसा दिलाया कि, स्ट्रांग रूम पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। डीआईजी चौधरी ने बताया कि ईवीएम को थ्री-लेयर सुरक्षा कवच दिया गया है, जहां परिंदा भी पर नही मार सकता और गेट पर बिना दस्तखत किए कोई अंदर नहीं जा सकता। लेकिन कांग्रेस और आप कार्यकर्ता इसके बावजूद भी स्ट्रांग रूम के बाहर डटे हुए हैं।

Vikas kumar

This news is Vikas kumar