कलेक्टर साहब क्या आप इस पानी का एक घूंट पी सकते हैं? गाव में गंदा पानी पी रहे युवक का भावुक वीडियो कलेक्टर तक पहुंचा तो हुआ एक्शन
Sunday, May 10, 2026-06:44 PM (IST)
मंडला (अरविंद सोनी): सोशल मीडिया आज के दौर में जिंदगी का एक अहम हिस्सा बनता जा रहा है, अब ये सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की आवाज भी बन चुका है। कैसे एक वीडियो जनता की आवाज बन गया और कलेक्टर तक पहुंचकर समस्या का हल भी हो गया..इसका जीता जागता उदाहरण जिला मंडला से सामने आया है।
यहाँ एक युवक ने अपने गांव की पेयजल समस्या को लेकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था औऱ पानी की समस्या को लेकर कलेक्टर को अवगत कराया था। देखते ही देखते वह वीडियो वायरल हो गया..वीडियो मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव घोटे तक भी पहुँचा.. जिन्होंने मामले को गंभीरता देखी और ग्रामीणों की समस्या को समझा..कलेक्टर ने कोई कोताही नहीं बरतते हुए तत्काल टीम को गांव भेजा और समस्या के समाधान के निर्देश दिए।

मामला मंडला के मवई क्षेत्र के धनवाई गांव का है, जहाँ ग्रामीण लंबे समय से पेयजल समस्या से परेशान थे.. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा था.. इसी बीच गांव के एक युवक ने अपनी परेशानी को कैमरे में रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा कर दिया..वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई।
मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव घोटे ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों की टीम को गांव भेजा.. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में 30 से अधिक हैंडपंप मौजूद हैं और 17 टोलों में अधिकांश स्थानों पर पानी उपलब्ध है।
हालांकि जिस स्थान से शिकायत सामने आई थी, वहाँ केवल तीन घर हैं और हैंडपंप की दूरी लगभग एक किलोमीटर थी। पूर्व में पीएचई विभाग द्वारा वहाँ बोरिंग कराई गई थी, लेकिन उस समय पानी नहीं निकला था.. कलेक्टर निर्देश के बाद दोबारा बोरिंग कराई गई, जिसमें पर्याप्त मात्रा में पानी निकल आया और अब ग्रामीणों की पेयजल समस्या दूर हो गई है.. लिहाजा सोशल मीडिया पर उठी एक आवाज़ ने न सिर्फ व्यवस्था को जगाया, बल्कि प्यासे घरों तक पानी भी पहुँचा दिया।

