MP से गोद ली बच्ची को स्पेन के दंपति ने छोड़ा, राज्य सरकार पर लगाया झूठ बोलने का आरोप

8/29/2018 1:16:15 PM

भोपाल : स्पेन के दंपति द्वारा मध्यप्रदेश में गोद ली बच्ची को छोड़ दिया गया है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाए हैं कि सरकार ने उन्हें झूठ बोलकर ये बच्ची गोद दी थी। मामले पर केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने दुख जताया है और ट्वीट कर बच्ची को भारत लाने की बात कही है।

मामला राजधानी भोपाल से जुड़ा है, जहां शिशुगृह की दो बच्चियों को इटली और स्पेन की दंपति ने गोद लिया था। जिनमें से स्पेन की दंपति ने बच्ची को छोड़ दिया।

ज्यादा उम्र बनी बच्ची को छोड़ने की वजह
दंपति का आरोप है कि जब उन्होंने इस बच्ची को गोद लिया था तो इसकी उम्र सात साल बताई गई थी, लेकिन असल में उसकी उम्र उस वक्त 13 साल से ज्यादा थी। उनका कहना है कि हम कम उम्र की बच्ची इसलिए चाहते थे कि उसे हम अपनी भाषा, संस्कार और तौर-तरीके आसानी से सिखा सके। लेकिन, बच्ची की ज्यादा उम्र होने के चलते उसे यह सब सिखाने में परेशानी आ रही है। लड़की अब दंपति के साथ नहीं है। उन्होंने उसे मैड्रिड के आश्रय गृह में छोड़ दिया है।

मेनका गांधी ने जताया दुख
मामले में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने टवीट कर कहा है कि ये घटना दुखद है। गोद दी गई बच्ची को स्पेन में परिवार द्वारा त्याग दिया गया है, मैंने स्पेन में हमारे राजदूत से बात की है। जल्द ही बच्ची को भारत वापस लाकर उसका पुर्नावस किया जाएगा।



बता दें कि दंपति ने बच्ची को एक निजी संस्था से गोद लिया था। जिसके बाद उन्होंने सेंट्रल एडोप्शन रेस्क्यू एजेंसी से शिकायत की थी कि कागजों में बच्ची की उम्र सात वर्ष बताई गई थी, जो सही नहीं है, हमारे साथ धोखा हुआ है, दंपति ने बच्ची की उम्र की जांच करवाई है। मेडिकल जांच में पता चला कि वह बताई गई उम्र से छः वर्ष बड़ी है।

 

Prashar

This news is Prashar