सेवादल के प्रशिक्षण में बोले CM कमलनाथ, NRC के बाद हिंदुओं को देना होगा बाप-दादा का सबूत

1/10/2020 4:33:30 PM

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। इस दौरान कमलनाथ ने कहा कि आखिर एनआरसी और सीएबी की इतनी जल्दबाजी क्यों है,अभी कौन सी आफत आ पड़ी है। उन्होंने कहा कि एनआरसी के बाद सबसे हिंदू होने का सबूत मांगा जाएगा,उनके पिता और दादा के नाम का प्रमाण मांगा जाएगा। इस कानून में जो नहीं लिखा है हमें चिंता उस बात की है।मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित

करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमें राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं, क्या उनकी पार्टी या रिश्तेदार ने आजादी की लड़ाई लड़ी है, वे एक नाम ऐसा बता दें जिसने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया हो। कमलनाथ ने कहा कि हमें इनकी सात साल की राजनीति पहचाननी होगी, ये बेरोजगारी, किसान, महिलाओं के मूल मुद्दे से ध्यान भटकाकर गुमराह करने की राजनीति कर रहे हैं। वे अशांति और देश की नींव हिलाने की बात करते हैं।

मुख्यमंत्री कमलनाथ सेवादल को हाईटैक करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सेवादल को वक्त के साथ बदलाव करने की सलाह दी। सीएम ने कहा कि हमारी संस्कृति पर हमला किया जा रहा है। इससे निपटने के सेवादल को गांव-गांव जाकर लोगों को ये समझाना होगा। सीएम ने कहा कि सोशल मीडिया के जमाने में हमें भी इसका ज्यादा से ज्यादा उपयोग करना हेागा। सीएम ने कहा कि वे सेवादल की सबसे हाईटैक आईटी सेल बनाएंगे। ये आईटी सेल पूरे देश में सेवादल के लिए कमांड सेंटर का काम करेगी। सीएम ने सेवादल से इस संबंध में पूरा प्रस्ताव बनाकर उनको देने को कहा है। सीएम ने कहा कि इस आईटी सेल के लिए देशभर के विशेषज्ञों और संस्थाओं की मदद ली जाएगी। सीएम ने कहा कि सेवादल सिर्फ दरी बिछाने के लिए नहीं है।

वहीं कांग्रेस नेता मोहन प्रकाश ने कहा कि क्या आरएसएस के लोगों में गांधी जैसे त्याग की हिम्मत है। वे किस मुंह से गांधी की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी का सपना अंग्रेजों को हटाने के अतिरिक्त देश के पुनर्निमाण का था यही काम कांग्रेस और सेवादल कर रहे हैं। शिविर में बेंगलुरु से आए आईएएस से इस्तीफा देने वाले शशिकांत सेंथिल ने कहा कि सदियों की विषमता के बाद पीडि़त और शोषित समाज को पंडित नेहरू के मंत्रिमंडल के सहयोगी सदस्य तथा संविधान के निर्माता अम्बेडकर ने संविधान के रूप में हमें एक अस्त्र दिया। जिसके कारण समाज में फैली हुई विषमता व असमानता को दूर करने में काफी हद तक सफलता मिली है। विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग न पंहुच सके इसलिए राहुल गांधी ने अपनी ही सरकार के अध्यादेश को फाड़ दिया था। आज आरएसएस के लोग झूठ को प्रचारित करने में लगे हुए है।

मुख्यमंत्री कमलनाथ के सुझाव के बाद सेवादल का प्लान तैयार हो गया है। देशभर से प्रशिक्षण लेने आए करीब 500 कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जगह भेजा जाएगा। इन कार्यकर्ताओं को इनके जिले और फिर उनके राज्य की जिम्मेदारी दी जाएगी। सेवादल का साहित्य भी छपवाया जा रहा है जिसे हर घर तक पहुंचाया जाएगा। महिला विंग को भी घर-घर में किचन तक जाकर महिलाओं से संवाद करने का जिम्मा दिया जा रहा है। ये महिलाएं टोली बनाकर घरेलू और कामकाजी महिलाओं की बीच जाएंगी। सेवादल अलग से आईटी सेल भी बना रहा है इसके लिए दल के प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया फ्रेंडली बनाया जा रहा है।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh