शिवराज सिंह के बाद अब साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने पं.नेहरू को कहा क्रिमिनल

8/19/2019 5:28:27 PM

भोपाल( इजहार हसन खान): बीजेपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह के बाद अब भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को क्रिमिनल की संज्ञा दी है। साध्वी प्रज्ञा ने तीखें अंदाज में कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि 'हमारे भारत को जो भी पीड़ा पहुंचाएगा, हमारे भारत को जो भी खंडित करने का प्रयास करेगा, वह निश्चित रूप से अपराधी होगा, इसमें कोई शक नहीं।'
भोपाल में एक प्रेस वार्ता में शिवराज के नेहरू को अपराधी कहे जाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि 'हमारे भारत को जो भी पीड़ा पहुंचाएगा, हमारे भारत को जो भी खंडित करने का प्रयास करेगा, वह निश्चित रूप से अपराधी होगा, इसमें कोई शक नहीं।'




गौरतलब है कि इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा में सदस्यता अभियान के दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को कश्मीर में धारा 370 लगवाने पर अपराधी कहा था, जिसके बाद देशभर में विवाद खड़ा हो गया था। हालांकि इस बयान पर भोपाल आकर उन्होंने कहा कि जो कुछ भी उन्होंने कहा है वह तथ्यों के आधार पर कहा था।




मोदी-शाह के समर्थक हैं देशभक्त
सासंद साध्वी प्रज्ञा ने अनुच्छेद 370 और 35a हटाने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की भी जमकर तारीफ की। सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने यहां तक कह दिया कि जो लोग पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर गर्व कर रहे हैं, वह देश भक्त हैं। कश्मीर से धारा 370 हटाने पर बयान देते हुए साध्वी ने कहा कि 'इसके बाद जो देशभक्त हैं उनकी श्रेणी अलग हो चुकी है। देशभक्त उल्लास मना रहे हैं और जो इस बात को लेकर रो रहे हैं वह देश भक्त तो हो ही नहीं सकते। धारा 370 और 35 ए हटने पर जो लोग खुश हैं, हमारे देश पर गर्व कर रहे हैं, जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर गर्व कर रहे हैं वह देशभक्त हैं। उन्होंने कहा कि यह परिभाषा इस बार सिद्ध हो गई है कि कौन देश के साथ है और कौन देश के विरुद्ध है।'




धारा 370 को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कश्मीर में धारा 370 को कांग्रेस की उपज बताते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'संसद में हमारे माननीय अध्यक्ष महोदय और देश के गृहमंत्री अमित शाह का अगर आपने संसद में भाषण सुना होगा तो उन्होंने स्पष्ट किया है कि पीओके हमारे देश में ही है, कश्मीर में ही है। पूरे भाग में 370 हट गई, यानी अखंड भारत बन गया। वह भाग अलग नहीं है और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तो यहां तक कह दिया कि अगर किसी ने इसको अलग करने की कोशिश की तो हम इसके लिए जान भी दे देंगे। वह अलग भाग है ही नहीं, वह हमारे भारत का अखंड अंग है।




दिग्विजय पर भी साधा निशाना
दिग्विजय सिंह पर साध्वी ने कहा कि 'हम तो चुनाव इसलिए लड़े थे कि राष्ट्र धर्म के लिए काम करने वाले लोगों को बीच में आना चाहिए। वहीं जनता ने उन लोगों को बिल्कुल नकार दिया है जिन्हें यहां नहीं होना चाहिए। साध्वी प्रज्ञा ने दिग्विजय सिंह द्वारा अनुच्छेद 370 हटाने के विरोध पर भी जमकर निशाना साधा ।


 

meena

This news is Edited By meena