MP में जीत के बाद BJP हुई हमलावर, कमलनाथ सरकार से की इस्तीफे की मांग

5/24/2019 4:25:23 PM

भोपाल: लोकसभा चुनाव में हार करारी हार के बाद जहां कांग्रेस शोक में डूबी है, वहीं बीजेपी में खुशी की लहर है। कांग्रेस को कड़ी मात देने के बाद भाजपा ने प्रदेश सरकार से इस्तीफे की मांग शुरू कर दी है। जनादेश का हवाला देकर मप्र भाजपा ने मांग की है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ को जनभावनाओं का पालन करते हुए पद से इस्तीफा देना चाहिए।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने मध्यप्रदेश में पार्टी की प्रचंड विजय को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की संगठन क्षमता और कार्यकर्ता की अथक मेहनत का परिणाम बताया है। साथ ही कहा है कि, मध्यप्रदेश में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। इसलिए मुख्यमंत्री कमलनाथ को तुंरत प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। यद्यपि इस्तीफा नैतिकता के आधार पर दिया जाता है, लेकिन कांग्रेस का नैतिकता से कोई संबंध नहीं है इसलिए जनभावना को ध्यान में रखते हुए इस्तीफा दिया जाना लाजमी है।


नरेन्द्र मोदी के चमत्कृत नेतृत्व से जीती भाजपा- भार्गव
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि पूरे देश में मोदी जी के चमत्कृत नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की कुशल संगठन क्षमता के बल पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड विजय प्राप्त की है। इस विजय से हमारी जिम्मेदारियां और बढेगी। हमें जनता की सेवा के लिए और अथक परिश्रम करना है। उन्होंने कहा कि इस जीत का आशीर्वाद देश की जनता ने दिया है। वहीं मध्यप्रदेश में भी ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष दोनों दायित्वों को निभा रहे है। इस लिहाज से मध्यप्रदेश में आए चुनाव परिणामों पर नैतिकता के आधार पर उन्हें निर्णय लेना चाहिए।

suman

This news is suman