दुष्कर्म के आरोप में कृषि मंडी अधिकारी गिरफ्तार, शादी का वादा करके एक साल तक संबंध बनाए, शादी से ठीक पहले मुकरा
Friday, Feb 20, 2026-03:28 PM (IST)
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शादी का झांसा देकर बलात्कार करने के आरोप में रायगढ़ जिले से एक कृषि मंडी अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र की पुलिस ने रायगढ़ जिले के घरघोड़ा से कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू (35) को गिरफ्तार कर लिया। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि क्षेत्र की 30 वर्षीय युवती ने बुधवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद साहू को गिरफ्तार कर लिया गया।
तिवारी के मुताबिक, शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब साहू कटघोरा में पदस्थ था, तब उसने युवती से शादी का वादा किया था और पिछले एक साल से उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। शिकायत के अनुसार, इसी महीने दोनों की शादी तय करने की बात कही गई थी, जिसके बाद पीड़िता का परिवार विवाह की तैयारियों में जुट गया था। हालांकि, बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। तिवारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बृहस्पतिवार को आरोपी साहू को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

