कांग्रेस और उनके नेताओं ने गरीबों की लंगोट तक नहीं रहने दी: कृषि मंत्री

2/24/2022 2:42:02 PM

भोपाल (प्रतुल पाराशर): कृषि मंत्री कमल पटेल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में 60 साल शासन किया। देश में गरीबी हटाने का नारा कांग्रेस शासनकाल में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने दिया था। लेकिन 60 साल में गरीबी तो नहीं हटी। लेकिन कांग्रेस और उनके नेताओं ने गरीबों की लंगोट भी नहीं रहने दी। गरीबी हटाओ के नारे के नाम पर सारा पैसा खा गए। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 7 साल के कार्यकाल में गरीबों को दो करोड़ से ज्यादा मकान बनाकर दिए और 2024 तक देश के हर गरीब को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमें नरेंद्र मोदी के रूप में ऐसा मुखिया मिला है। जो गरीबों की सेवा करते हुए उनके सपनों को साकार कर रहा है।

हरदा में 7 हजार से ज्यादा मकान स्वीकृत

कृषि मंत्री ने पीएम मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरे देश में गरीबों के लिए 2 करोड़ से अधिक मकान बन चुके हैं। जो देश के इतिहास में एक रिकॉर्ड है। मध्यप्रदेश में इसी कड़ी में एक लाख मकानों का भूमि पूजन और गृह प्रवेश हो चुका है। हरदा नगर पालिका में 7305 मकान अभी तक स्वीकृत हुए हैं। जिनमें से 3803 मकान पूर्ण हो चुके हैं। गरीबों को उनके मकानों में गृह प्रवेश दिलाया गया।

 

Devendra Singh

This news is News Editor Devendra Singh