Punjab Kesari MP ads

सीधी के PWD और सेतु निर्माण विभाग में शराबखोरी के आरोप, खाली बोतलें मिलीं; लेखपाल बोला- शराब हम लोगों ने ही पी है!

Wednesday, Nov 04, 2026-05:08 PM (IST)

सीधी (सूरज शुक्ला): सीधी जिला मुख्यालय स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) के संभागीय कार्यालय और सेतु निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। कार्यालय परिसर में शराब की खाली बोतलें मिलने, कर्मचारियों के शराब पीकर आने के बयान और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बदहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी और शिवसेना के नेताओं ने नाराजगी जताई है।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव राम चरण सोनी ने आरोप लगाया कि PWD कार्यालय में देर रात शराब पार्टी होती है। उन्होंने ठेकेदारों और बाहरी लोगों के नोटों के बंडल लेकर आने तथा शराब की बोतलों के बीच कथित लेन-देन होने के आरोप भी लगाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

PunjabKesari

लेखपाल ने कहा- शराब हम लोगों ने ही पी है

जब PWD के संभागीय कार्यालय में पदस्थ लेखपाल से शराब की खाली बोतलों के संबंध में सवाल किया गया, तो उन्होंने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कथित तौर पर कहा, “हां, हम लोगों ने ही यह शराब पी है।” इसके बाद वह वहां से चले गए।

वहीं, सेतु निर्माण विभाग में पदस्थ रामखेलावन केवट ने बताया कि चार दिनों से कोई अधिकारी या कर्मचारी कार्यालय देखने नहीं आया। उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि वह शराब पीकर आते हैं और उनका कोई अधिकारी-कर्मचारी कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

PunjabKesari

दस्तावेजों की दुर्दशा पर भी सवाल

शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने मौके पर महत्वपूर्ण दस्तावेज जले हुए, कुछ कागजात फेंके हुए और चेक इधर-उधर पड़े होने का दावा किया। उन्होंने कलेक्टर से मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की।

PunjabKesari

मुख्य कार्यपालन यंत्री ने कही जांच की बात

PWD की मुख्य कार्यपालन यंत्री दिव्यांसी सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। कार्यालय के अंदर शराब की बोतलें मिलने पर जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि तीन जिलों का प्रभार होने के कारण वह हर समय कार्यालय में मौजूद नहीं रहतीं, लेकिन वहां पदस्थ एसडीओ और इंजीनियरों की जिम्मेदारी है कि ऐसी गतिविधियों पर नजर रखें। अब दोनों विभागों की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति और दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News