अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को अमिता श्रीवास ने किया फतह, सीएम ने दी शुभकामनाएं

1/21/2022 7:10:53 PM

जांजगीर चांपा (प्रेम निर्मलकर): पर्वतारोही और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमिता श्रीवास ने अपने सपनों की उड़ान भरते हुए लगातार ऊंचे पर्वत शिखरों को फतह कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। अमिता ने आज गृह ग्राम चांपा पहुंचकर मां-बाप से अपनी खुशी बांटी। उन्होंने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को फतह किया है। उन्होंने प्राचीन हिमालय लद्दाख में 6 हजार 70 मीटर ऊंची बर्फीली यूटी कांगरी की चोटी में माइनस 31 डिग्री के तापमान में रोमांच और जोखिम से भरी कठिन चढ़ाई पूरी की और भारत का तिरंगा फहराया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले का मान बढ़ाया।

सीएम भूपेश बघेल ने दी शुभकामनाएं 

चांपा शहर की बेटी अमिता का सपना एवरेस्ट फतह करने का है। अमिता के जज्बे के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। अमिता की पर्वत चोटी पर यह चौथी बड़ी चढ़ाई थी। उन्होंने माउंट आबू के पर्वतारोहण स्वामी विवेकानंद इंस्टिट्यूट से साल 2018 में रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण लेने के बाद सबसे पहले 2019 में उत्तरी और पश्चिमी सिक्किम के बड़े शिखरों पर विजय हासिल की थी।

’गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ का दिया संदेश 

इसके बाद पिछले साल 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण का मिशन लेकर अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट तंजानिया के समीप किलिमंजारो पर 5895 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ने का रिकार्ड बनाया। उन्होंने ’गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ का भी संदेश भी दिया था। अमिता को उनकी उपलब्धियों को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से यूटी कांगरी में पर्वतारोहण के लिए 80 हजार रूपए प्रदान किया। इससे पहले भी उनके पर्वतारोहरण को प्रोत्साहित करने के लिए सीएसआर मद से पहले 2 लाख 70 हजार रूपए पर्वतारोहण के लिए प्रदान किया गया था। 

Devendra Singh

This news is News Editor Devendra Singh