प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, विवेक तन्खा बोले- और कितनी जानें लेगीं यह सरकार

4/15/2022 7:36:02 PM

सागर(देवेंद्र कश्यप): अपनी मांगों को लेकर पूरे प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं एक महीने से आंदोलन कर रही हैं। इस दौरान शुक्रवार को सागर में आंदोलन कर रही एक और कार्यकर्ता की मौत हो गई है। इससे आठ दिन पहले पार्वती अहिरवार नाम की आंगनबाड़ी सहायिका ने भी दम तोड़ दिया था। अब दूसरी मौत से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। वे शव को घटनास्थल पर लाने की जिद्द पर अड़ गई और हंगामा शुरु कर दिया है। मामले को लेकर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने शिवराज सरकार पर सवाल उठाए हैं प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।

शुक्रवार को तीन मढिया स्थित आंदोलन स्थल पर लाजपतपुरा वार्ड निवासी शहनाज बानो बेहोश होकर गिर गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां भर्ती होने के कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। शहनाज बानों की मौत की खबर जैसे ही आंदोलनकारी महिलाओं को लगी तो उन्होंने बवाल शुरु कर दिया। उन्होंने शव को घटनास्थल पर लाने की मांग की और जमकर हंगामा किया। ऐसे में स्थिति को संभालते संभालते प्रशासन की सांस फूल गई। मौके पर एसडीएम पहुंची और महिला थाना प्रभारी संगीत सिंह ने मोर्चा संभाला।



विवेक तन्खा ने सरकार पर साधा निशाना...
प्रदर्शन के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की मौत पर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि- अंबेडकर जयंती पर मैंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बहनों को न्याय देने की बात सीएम शिवराज सिंह से मीडिया के माध्यम से की थी। आज सागर में एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बहन की आंदोलन के दौरान मृत्यु की खबर से बेहद विचलित हूं। ..... और कितनी जानें लेगी यह सरकार

meena

This news is Content Writer meena