कांग्रेस को आगर मालवा में एक और झटका, जिलाध्यक्ष समेत कई नेता भाजपा में शामिल

3/29/2024 1:06:59 PM

भोपाल (विनीत पाठक): मध्यप्रदेश में बीजेपी लगातार कांग्रेस को कमज़ोर करने में लगी हुई है। इस बार बीजेपी ने आगर मालवा में कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। शुक्रवार को आगर मालवा के पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल यादव समेत अनेक नेता भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। आगर मालवा में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे बाबूलाल यादव के साथ वरिष्ट कांग्रेस नेता शंकरसिंह गड़बड़ा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पिंटू जायसवाल समेत सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए। आगर विधायक मधु गहलोत के साथ ये सभी आज सुबह राजधानी भोपाल में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे।

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और भाजपा की न्यू ज्वाइनिंग कमेटी के संयोजक नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री प्रह्लाद पटेल ने इन सबको पार्टी की सदस्यता दिलाई। स्मोक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और गरीब कल्याण के लिए जो जनहितेषी योजनाएं चलाई है। उनसे प्रभावित होकर कांग्रेस ही नहीं सभी दलों के लोग भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इसके लिए पार्टी ने एक बड़ा अभियान चलाया है और मध्य प्रदेश में तो हम रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रहे हैं।



वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने भगवान राम के निमंत्रण को ठुकराया, अब उनके नेताओं का कांग्रेस से मोह भंग हो रहा है और इसलिए देश के विकास में अपना योगदान देने और जनता की सेवा करने के लिए लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी का दामन थाम रहे हैं। वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को जनता ने पूरी तरह से अस्वीकार कर दिया है और अपनी गलत नीतियों के चलते ही आज कांग्रेस पूरे देश से खत्म होने की कगार पर है।

meena

This news is Content Writer meena