Punjab Kesari MP ads

BJP के आशुतोष तिवारी से मिले अवधेश नायक! तस्वीर वायरल हुई तो कह दी बड़ी बात…क्या बदलेगी दतिया की हवा?

Tuesday, Jul 14, 2026-10:25 AM (IST)

MP desk: मध्यप्रदेश की राजनीति में से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां कांग्रेस नेता अवधेश नायक की भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से मुलाकात हुई है। जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। दोनों नेताओं की मुलाकात के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे है। वहीं, दोनों नेताओं की इस मुलाकात ने कांग्रेस की एकजुटता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच नायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर अपनी सफाई पेश कर दी है। कहा कि उन्होंने फिलहाल, अभी कोई फैसला नहीं लिया है।  

जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने दतिया में कांग्रेस नेता अवधेश नायक के घर पहुंच कर उनसे मुलाकात की। खास बात यह रही कि अवधेश नायक ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं। इसके बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हैं। माना जा रहा है कि टिकट नहीं मिलने से नाराज अवधेश नायक जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, अभी तक न तो अवधेश नायक और न ही भाजपा की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।

वहीं, कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है। अवधेश नायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि उनके निवास पर कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के प्रत्याशी सौजन्य भेंट करने आए थे। साथ ही लिखा कि कांग्रेस के माननीय प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के सांसद विधायक, पूर्व मंत्री, संगठन के नेतागण भी आए थे। अवधेश नायक ने कहा कि फिलहाल, अभी उन्होंने कोई निर्णय नहीं लिया है। उनका कहना है कि जो भी निर्णय लिया जाएगा वह दतिया के हित में होगा।

इधर, दतिया उपचुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में अवधेश नायक का नाम नहीं है। 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, हरीश चौधरी समेत कई पूर्व मंत्री, विधायक और पूर्व विधायकों को जगह मिली है, लेकिन अवधेश का नाम नदारद है। इसके चलते राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ी है। सूत्रों का दावा है कि अगले एक-दो दिनों में अवधेश नायक कोई बड़ा राजनीतिक फैसला ले सकते हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla