अयोध्या फैसले के बाद MP में 2 दिन बाद खुले स्कूल-काॅलेज, हालात सामान्य

11/11/2019 12:26:21 PM

भोपाल: अयोध्या फैसले के दौरान पूरे मध्य प्रदेश में धारा 144 लागू की गई थी। इस दौरान पूरे प्रदेश के सारे स्कूल-काॅलेज और शराब की दुकानें दो दिन के लिए बंद कर दी गईं थीं। वहीं आज से पूरे प्रदेश के स्कूल-कॉलेज, बाजार के साथ ही शराब की दुकानें भी खुल गई हैं। दो दिन से बाजारों से गायब हुई रौनक फिर से कायम हो गई है। प्रशासन द्वारा लगाई गई धारा 144 वापस ले ली गई है। ये कई जिलों में अभी भी प्रभावी है। इंटरनेट सेवा को भी बहाल कर दिया गया है।

वहीं मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्य सचिव एसआर मोहंती और डीजीपी वीके सिंह के साथ चर्चा के बाद यह निर्णय लिया। मोहंती ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश से धारा 144 भी वापस ले ली गई है। स्थानीय परिस्थितियों के मद्देनजर जिले के कलेक्टर स्वविवेक से धारा 144 लगाने के फैसले को आगे बढ़ाएंगे। प्रदेश में जनजीवन सामान्य होने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था के पुलिस वाले पूरे प्रदेश में मुस्तैदी से तैनात हैं।

खंडवा में दो दिन से इंटरनेट सेवा प्रशासन के निर्देश पर बंद की गई। सोमवार को हालातों का अध्ययन करने के बाद इसे बहाल किया जाएगा। देवास में रविवार को इंटरनेट बंद कर दिया। फेसबुक, ट्वीटर और वाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट व कमेंट के मामले में पुलिस-प्रशासन ने बड़ी सख्ती की है। भोपाल में 25 लोगों समेत प्रदेश भर में ढाई सौ लोगों पर कार्रवाई की है। इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। राज्य सरकार लगातार वॉट्सएप और फेसबुक की माॅनिटरिंग कर रही है। प्रदेश में पांच हजार वाट्सएप ग्रुपों पर नजर रखी जा रही है।

टीकमगढ़ की खरगापुर तहसील में धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में बीजेपी नेता बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बेबी राजा के सहित 30 अन्य लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। अयोध्या का फैसला आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कई कलेक्टर-कमिश्नर के साथ पुलिस के प्रमुख अधिकारियों से बात की। उन्हें भरोसा दिलाया कि जहां भी जरूरत हो, वे तैयार हैं।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh