Punjab Kesari MP ads

बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया पाखंडी, महिलाओं को दी ढोंगियों से बचने की सलाह

Monday, Nov 23, 2026-05:53 PM (IST)

छतरपुर: योगगुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की हालिया टिप्पणियों के बाद बाबा रामदेव ने उन पर तीखा हमला बोला है। रामदेव ने बिना नाम लिए कथावाचकों के एक वर्ग पर धर्म के नाम पर लोगों को भ्रमित करने, धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल करने और अंधविश्वास फैलाने के गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी तक कह दिया।

पहले खुद को तो बचा लो, फिर सनातन की बात करना

बाबा रामदेव ने अपने बयान में कहा कि कुछ लोग न तो वेदों और उपनिषदों का अध्ययन करते हैं और न ही रामायण, महाभारत तथा भारतीय संविधान की पर्याप्त समझ रखते हैं। इसके बावजूद वे धर्म और सनातन की रक्षा करने का दावा करते हुए सार्वजनिक मंचों से ऐसी बातें करते हैं, जिनका कोई आधार नहीं होता।

उन्होंने ऐसे लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग सनातन धर्म को बचाने की बातें करते हैं, उन्हें पहले खुद अपने आचरण और समझ पर ध्यान देना चाहिए। रामदेव ने इस तरह की बयानबाजी को पाखंड करार देते हुए कहा कि धर्म की रक्षा के नाम पर मनमानी बातें करना उचित नहीं है।

धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप

योगगुरु ने कथावाचन और धार्मिक आयोजनों के दौरान कथित तौर पर अंधविश्वास फैलाने के तरीकों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भूत-प्रेत, बाधा और चमत्कार के नाम पर लोगों को डराते हैं और उन्हें विश्वास दिलाते हैं कि वे उनके शरीर में प्रेतात्मा बुला सकते हैं।

रामदेव के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियों के जरिए लोगों की धार्मिक आस्था का फायदा उठाया जाता है। उन्होंने कहा कि भीड़ को उकसाने और धर्म के किसी एक पहलू को आधार बनाकर धार्मिक उन्माद पैदा करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार, सनातन धर्म के नाम पर ढोंग और आडंबर को बढ़ावा देना धर्म की वास्तविक भावना के विपरीत है।

भगवान राम-कृष्ण की तुलना पर जताई आपत्ति

धीरेंद्र शास्त्री की ओर से भगवान राम और भगवान कृष्ण के बीच की गई हालिया तुलनाओं को लेकर भी बाबा रामदेव ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय पर मजाक या टिप्पणी करने की एक सीमा और मर्यादा होती है। देवी-देवताओं और अवतारी शक्तियों के प्रति सम्मान बनाए रखना जरूरी है।

रामदेव ने कहा कि धार्मिक विषयों पर बोलते समय शब्दों और विचारों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पहले ऐसे मामलों में निजी तौर पर समझाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन जब इसका असर नहीं होता तो सार्वजनिक मंच से अपनी बात रखनी पड़ती है।

महिलाओं को लेकर बाबा रामदेव ने क्यों जताई चिंता?

अपने बयान में बाबा रामदेव ने विशेष रूप से महिलाओं को आगाह किया। उन्होंने कहा कि धर्म और चमत्कार के नाम पर होने वाले कथित पाखंड का सबसे ज्यादा शिकार माताएं, बहनें और बेटियां बनती हैं। ऐसे में महिलाओं को ढोंग करने वाले और अंधविश्वास फैलाने वाले लोगों से सावधान रहना चाहिए।

रामदेव ने अपने बयान के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि सनातन धर्म की आड़ में लोगों की आस्था का शोषण स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनके इस तीखे बयान के बाद बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच जुबानी विवाद को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News