कलेक्टर को ढोर, बदतमीज, बेवकूफ कहकर बुरी फंसी दबंग विधायक रामबाई, IPC की धारा 353, 294, 506 बी, 186 सहित अन्य धाराओं में FIR

10/1/2022 4:12:51 PM

दमोह(इम्तीयाज चिश्ती): पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार द्वारा दमोह कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य से अभद्रता करने के साथ ही कलेक्टर के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करना भारी पड़ गया। पथरिया विधायक के खिलाफ IPC की धारा 353, 294, 506 बी, 186 सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज किया गया है। इसके साथ ही IAS एसोसिएशन भी विधायक रामबाई से खासा नाराज नजर आ रहे हैं।

दरअसल, बीते एक दिन पहले पथरिया विधानसभा के नरसिंहगढ़ में शुक्रवार को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया था। जिसमें प्रमुख अधिकारी नहीं पहुंचे थे। महिलाओं द्वारा समस्या विधायक रामबाई को बताई गई। जिसपर विधायक सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गई थी और कलेक्ट्रेट में कलेक्टर से महिलाओं की समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कार्रवाई पर सवाल किए। वही कलेक्टर द्वारा बार-बार नियम का हवाला देकर कार्रवाई की बात की गई। जिस पर विधायक रामबाई भड़क गई और आपा खोते हुए उन्होंने कलेक्टर के लिए ढोर, बेवकूफ और बदतमीज जैसे शब्दों का उपयोग किया था।



इस पर जिले के सभी कर्मचारी अधिकारियों ने इसका विरोध जताते हुए विधायक पर कार्यवाही की मांग की थी अब जिले के सभी जनपद पंचायत के सीईओ ने एक राय होकर कलेक्टर को महामहिम राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने भी कार्यवाही की मांग की है।



वही कलेक्टर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य ने कहा कि विधायक द्वारा यह कारनामा पूरी प्लानिंग के तहत की गई है। उनके खिलाफ FIR दर्ज करवाया गया है। साथ ही एसपी को उन्होंने इस मामले में जानकारी दी थी। जिसके बाद अब विधायक रामबाई के खिलाफ कलेक्टर से अभद्रता के मामले में आईपीसी की धारा 353, 294, 506 बी, 186 सहित अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है।

इस सिलसिले में आईएएस एसोसिएशन ने कहा विधायक महोदया से हुए संवाद में एशोसिएशन दमोह कलेक्टर के संयम और व्यवहार की प्रशंसा करती है। विधायक का व्यवहार भी उनके पद की मर्यादा के अनुरूप होना चाहिये था। एसोसिएशन का मानना है कि, उनके द्वारा उपयोग में लाए गए अपशब्द उनके पद की मर्यादा के विपरीत तथा स्वीकार करने योग्य नहीं है। लेकिन इसी बीच विधायक रामबाई का भी बयान सामने आया उन्होंने अपने द्वारा कहे शब्दों पर खेद जताया है। अब तक दबंग विधायक हर किसी को आड़े हाथों लेती नज़र आती रही है। लेकिन इस बार मैडम का नंबर गलत डायल हो गया।

meena

This news is Content Writer meena