स्कूल कैंपस में गुब्बारे वाले के साथ हादसा, सिलेंडर फटने से आधी टांग कटकर दूर जाकर गिरी

9/17/2022 4:51:18 PM

रायगढ़(पुनीराम रजक): रायगढ़ में शनिवार की दोपहर आत्मानंद शासकीय नटवर स्कूल कैंपस में दर्दनाक हादसा हो गया। जहां गुब्बारा फुलाने के दौरान गैस सिलेंडर फटने से गुब्बारावाला बुरी तरह से घायल हो गया। ब्लास्ट इतना भीषण था कि गुब्बारे वाले की आधी टांग कटकर दूर जाकर गिरी। हादसे में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है जबकि उसके एक साथी को हल्की चोटें आई हैं।

घायल का नाम सुशील पटेल है और वह बेहरापाली गांव का रहने वाला है। ब्लास्ट की आवाज आई तब आसपास के लोगो को घटना की जानकारी हुई जिसके बाद आनन फानन में एंबुलेंस बुलाकर घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जाता है कि नटवर स्कूल कैंपस में अग्रसेन जंयंती का कार्यक्रम हो रहा था। इसी की तैयारी के लिए समाज ने गुब्बारे वाले को बुलाया था।

आयोजन के लिए गुब्बारा वाला गैस सिलेंडर से गुब्बारे में गैस भर रहा था इसी दौरान अचानक सिलेंडर फट गया। लोगों ने ब्लास्ट के साथ जब चीख की आवाज सुनी तो दौड़कर मौके पर पहुंचे। इस दौरान गुब्बारा वाला लहुलुहान था और उसके पैर का एक हिस्सा दूर पड़ा हुआ था। गैस सिलेंडर भी फटा हुआ था।


आनन फानन में लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद घायल को इलाज के लिए ले जाया गया है। इधऱ घटना के बाद अग्रसेन जयंती समारोह समिति ने घायल के इलाज का पूरा खर्चा उठाने की बात कही है। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची हुई है। घटना की जांच की जा रही है।

meena

This news is Content Writer meena