Punjab Kesari MP ads

भीम आर्मी नेता ने कर दिया कांड, शर्मनाक हरकत का वीडियो वायरल, हर कोई हैरान

Monday, Apr 27, 2026-06:27 PM (IST)

भिंड: अटेर वन मंडल क्षेत्र के सोनेलाल का पुरा गांव में शादी समारोह के दौरान सामने आए एक दर्दनाक और शर्मनाक मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवकों द्वारा एक सांप के साथ की गई क्रूरता को लेकर वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है, जब गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर लोग नाच-गाना कर रहे थे।

इसी दौरान लगभग ढाई फीट लंबा एक सांप का बच्चा वहां निकल आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप को देखकर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थिति को संभालने के बजाय कुछ युवकों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार शुरू कर दिया। बताया जाता है कि आरोपियों ने सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की बजाय उसे पैरों से कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी क्रूरता यहीं नहीं रुकी—सांप के फन को दबाकर उसे हवा में लटकाया गया और तमाशा बनाया गया। इस दौरान सांप के शरीर से खून निकलता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग इसे गंभीरता से लेने के बजाय मूकदर्शक बने रहे।

पूरी घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद वन्यजीव प्रेमियों और आम लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया। वन रेंज अधिकारी कृतिका शुक्ला ने जांच टीम गठित कर मौके पर पड़ताल कराई। प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई कि सांप की मौत हो चुकी है।

इसके बाद वन विभाग ने भीम आर्मी के स्थानीय नेता देशराज धारिया सहित चार लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इनमें एक अन्य नामजद और दो अज्ञात व्यक्ति भी शामिल हैं। विभाग ने भारतीय वन्य प्राणी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना न केवल कानून के उल्लंघन का गंभीर मामला है, बल्कि वन्यजीवों के प्रति संवेदनहीनता को भी उजागर करती है। फिलहाल वन विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News