​​​​​​​भय्यूजी महाराज केस: विनायक के प्रस्ताव पर पत्नी आयुषी को बनाया ट्रस्टी

8/14/2018 6:27:28 PM

इंदौर : बहुचर्चित आध्यात्मिक संत दिवंगत भैय्यूजी महाराज की मौत के बाद संपति मामले में उनके राजदार विनायक के प्रस्ताव पर भय्यूजी महाराज की दूसरी पत्नी आयुषी को ट्रस्टी बना दिया गया है।

दरअसल, सद्गुरु धार्मिक और पारमार्थिक ट्रस्ट ने उन्हें ट्रस्टी बनाने का प्रस्ताव 28 जून को ही पास कर दिया था क्योंकि दिलीप माधवराव भांडवलकर ने इस पद से स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले ट्रस्ट के सचिव तुषार पाटिल ने कलेक्टोरेट में पत्र लिखकर भैय्यूजी महाराज की पत्नी आयुषी को ट्रस्टी बनाने के लिए कहा था। भैय्यूजी महाराज के सेवादार विनायक ने इस प्रस्ताव को सभा में रखा था इसके बाद वहां आठ ट्रस्टियों ने उसे मंजूरी दे दी।

इसके अलावा सचिव ने पत्र में ट्रस्ट की संपति का सालाना हिसाब किताब भी भेजा है। ट्रस्ट की संपत्तियों में करीब डेढ़ करोड़ की संपत्ति का ब्यौरा सचिव की ओर से दिया गया है। साथ ही संपत्ति में वाहनों का भी ब्यौरा दिया गया है।

गौरतलब है कि भैय्यूजी महाराज के आकस्मिक सुसाइड के बाद उनकी दूसरी पत्नी और बेटी कुहू के बीच संपत्ति विवाद को लेकर कई बयान सामने आ रहे थे। इसमें महाराज के सेवादार विनायक का भी नाम सामने आ रहा था।

सुसाइड से पहले भय्यूजी महाराज अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई बार विवादों में घिरे थे। पिछले साल ही भय्यूजी महाराज उस वक्त चर्चा में आए जब 49 साल की उम्र में उन्होंने दूसरी शादी की थी। उस समय भय्यूजी के शादी के फैसले ने कई लोगों को चौंका दिया था। करीबी लोगों ने बताया था कि पहली पत्नी की मौत के बाद भय्यूजी महाराज काफी अकेला महसूस कर रहे थे।

Prashar

This news is Prashar