Punjab Kesari MP ads

भोपाल में तेल से भरा टैंकर पलटा, सड़क पर मची लूट, डिब्बे लेकर दौड़े लोग, VIDEO वायरल

Wednesday, Sep 30, 2026-04:49 PM (IST)

भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल के वीआईपी रोड पर कोहेफिहा चौराहे के पास बुधवार तड़के सोयाबीन तेल से भरा एक टैंकर अचानक पलट गया। हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि चलते समय टैंकर का एक टायर फट गया, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आईं। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है।

हादसे के बाद सड़क पर टैंकर से तेल फैलने लगा। कुछ ही देर में आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो मौके पर भीड़ जुट गई। सड़क पर फैले सोयाबीन तेल को भरने के लिए कई लोग अपने साथ डिब्बे, बाल्टी और दूसरे बर्तन लेकर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की लंबी कतार दिखाई देने लगी।

टायर फटने के बाद बिगड़ा संतुलन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर रेत घाट से लालघाटी की तरफ जा रहा था। कोहेफिहा चौराहे के पास अचानक टायर फट गया। तेज रफ्तार में चल रहे टैंकर का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर पलट गया। टैंकर के पलटने के बाद सड़क पर तेल फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

हादसे की सूचना मिलते ही कोहेफिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर स्थिति को संभालने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि टैंकर में कुल कितना सोयाबीन तेल लदा हुआ था और दुर्घटना के बाद कितनी मात्रा में तेल सड़क पर फैल गया।

घटना के बाद मौके का नजारा कुछ देर के लिए अलग ही दिखाई दिया। टैंकर के पलटने और सड़क पर तेल फैलने की खबर आसपास के क्षेत्र में तेजी से फैली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। कई लोग बर्तनों में तेल भरते नजर आए।

इस दौरान सड़क पर भीड़ बढ़ने से यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को व्यवस्था संभालनी पड़ी। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। चालक और क्लीनर की स्थिति सामान्य बताई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News