प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए भूरिया सबसे उपयुक्त, पहले भी संभाल चुके हैं कमान: सज्जन सिंह

10/29/2019 10:02:43 AM

इंदौर: मध्य प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष बनाने को लेकर चल रही बयानबाजी में अब मंत्री सज्जन सिंह वर्मा भी शामिल हो गए हैं। वर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष के लिए हाल ही में झाबुआ विधानसभा में जीतने वाले कांतिलाल भूरिया के नाम का समर्थन किया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने भूरिया को सबसे उपयुक्त बताते हुए कहा कि वे पहले भी यह कमान संभाल चुके हैं। भूरिया सबको साथ लेकर चलने वाले नेता हैं। वहीं कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के बयान पर कहा कि विदेश यात्रा में होने के चलते उन्हें कर्जमाफी की पूरी जानकारी नहीं हैं।

वहीं इससे पहले मंत्री वर्मा यादव समाज के गोधर्वन पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बनाने में आदिवासियों का बड़ा योगदान है। मंत्रिमंडल विस्तार की कवायदों को लेकर कहा कि पहले प्रदेश अध्यक्ष तय किया जाएगा, उसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार पर बात होगी। इंदौर से किसी भी मंत्री को नहीं हटाया जाएगा। हमारी सरकार कंजूस नहीं है। बीजेपी की सरकार में इंदौर से एक भी मंत्री नहीं था, जबकि कांग्रेस सरकार में यहां से तीन कद्दावर मंत्री हैं। पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान हमें खजाना खाली देकर गए हैं। साथ ही कहा कि बीजेपी नेताओं में आपस में ही संघर्ष शुरू हो गया है।

मंत्री ने अयोध्या के आगामी फैसले को लेकर कहा कि सुप्रीम कोर्ट का बहुत-बहुत आभारी हूं, इतने साल में इतनी तेज गति सुप्रीम कोर्ट नहीं ला पाई, लेकिन सुप्रीम कोर्ट में बैठे लोग काफी चमत्कारी हैं, जब लगा कि उनको कहीं से इशारा हुआ है तो अब सुप्रीम कोर्ट में एकदम से हर दिन तारीख लग रही है। इतने साल संघर्ष हुआ। जाती मजहब के नाम पर मारकाट हुई तब न्यायपालिका ने संज्ञान नहीं लिया, लेकिन अब ले लिया है। अब क्या इशारा है मुझे नहीं पता, लेकिन हे प्रभु श्री राम ये भारत महफूज रहे, शांत रहे, जो भी निर्णय हो, हर नागरिक को फैसले को स्वीकार करना चाहिए। प्रभु राम जजों को सद्बुद्धि देकर सही निर्णय करवाएंगे।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh