Punjab Kesari MP ads

स्पा सेंटर में युवती पर ग्राहक से संबंध बनाने का दबाव, विरोध किया तो रोक दी सैलरी

Thursday, Aug 27, 2026-10:37 PM (IST)

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक स्पा सेंटर की 22 वर्षीय महिला कर्मचारी ने संचालक और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उस पर ग्राहकों को खुश करने के लिए देह व्यापार करने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर कथित तौर पर उसका वेतन रोक दिया गया और नौकरी छोड़ने की बात कहने के बाद उसके साथ बदसलूकी की गई।मामला 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर का है। दिल्ली की रहने वाली युवती ने सिविल लाइन पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह करीब तीन महीने से यहां काम कर रही थी।

प्राइवेट केबिन में गलत व्यवहार का आरोप

शिकायत के मुताबिक, स्पा संचालक अमन सेन और उसके बड़े भाई लोकेश सेन उस पर ग्राहकों के साथ देह व्यापार करने का दबाव बनाते थे। युवती ने आरोप लगाया कि अमन उसे कई बार प्राइवेट केबिन में ले जाता और उसके साथ आपत्तिजनक तरीके से व्यवहार करता था। युवती ने इसका विरोध करते हुए नौकरी छोड़ने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद उसका वेतन रोक दिया गया।

सैलरी मांगने पहुंची तो विवाद बढ़ा

पीड़िता के अनुसार, 22 अगस्त को वह अपना बकाया वेतन मांगने स्पा पहुंची थी। इसके बाद 25 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह दोबारा वहां गई। आरोप है कि इसी दौरान लोकेश सेन ने उसके साथ बदसलूकी की और विरोध करने पर मारपीट की। युवती ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो कथित तौर पर उसका मोबाइल छीन लिया गया। शिकायत में हाथ मरोड़ने और मुक्के से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। युवती ने बताया कि घटना में उसके हाथ और कंधे में चोट आई।

CCTV फुटेज हटाने का भी आरोप

शिकायत में युवती ने स्पा सेंटर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग हटाए जाने का आरोप भी लगाया है। उसका कहना है कि घटना से जुड़े सबूत मिटाने की कोशिश की गई। साथ ही उसे कथित तौर पर प्रभाव और पहुंच का डर दिखाकर पुलिस में शिकायत नहीं करने के लिए दबाव डाला गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि बाद में अमन सेन ने फोन पर गाली-गलौज की और पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

युवती की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने स्पा संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, CCTV फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma