भाजपा की नेत्री डॉ. ममता साहू ने संभाला छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष का पदभार
Wednesday, Jul 15, 2026-02:54 PM (IST)
दंतेवाड़ा (आज़ाद सक्सेना): छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. ममता साहू को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मंगलवार 14 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित महिला आयोग कार्यालय में उन्होंने विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, आयोग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पदभार संभालने के बाद डॉ. ममता साहू ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
रायपुर में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में हस्तशिल्प कला बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, नगर निगम रायपुर के पार्षद महेश ध्रुव, दुर्गेश राव, रजनी शेंगड़े, जीतेन्द्र साहू, कृष्णा साहू, सीमा डहरिया, जितेश साहू सहित आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. ममता साहू का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. ममता साहू ने आयोग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा आयोग के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
"छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण और महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।"

इस अवसर पर आयोग के सचिव, सहायक संचालक, लेखाधिकारी एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी डॉ. ममता साहू को महिला आयोग का अध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि डॉ. ममता साहू लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करती रही हैं।
महिला आयोग की नई अध्यक्ष के रूप में डॉ. ममता साहू के सामने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान की बड़ी जिम्मेदारी होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में आयोग महिलाओं के हितों की रक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

