Punjab Kesari MP ads

BJP नेता के पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आरोपी बेटे की तलाश जारी, जानिए पूरा मामला

Monday, Nov 23, 2026-04:46 PM (IST)

पन्ना (टाइगर खान): पन्ना में 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और मजदूरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंकुर त्रिवेदी ने अपने पिता और साथियों के साथ निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचकर मजदूरों से मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। वहीं, बिल्डिंग मालिक से 25 लाख रुपये की मांग भी की गई। मामले में पुलिस ने अंकुर के पिता अवधेश त्रिवेदी उर्फ खुन्ना को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, मुख्य आरोपी अंकुर त्रिवेदी सहित अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दरअसल, पूरा मामला पन्ना के बेनीसागर मोहल्ले में पुरानी मेनका टॉकीज के पास स्थित एक निर्माणाधीन स्थल का है। यहां 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे अवधेश त्रिवेदी उर्फ खुन्ना, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंकुर त्रिवेदी, वीरेंद्र उर्फ विकास शुक्ला और अरुणोदय त्रिवेदी ने जमकर विवाद किया था।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने मजदूरों से उनके मालिक तक 25 लाख रुपये देने का संदेश पहुंचाने को कहा। विरोध करने पर संतोष कुशवाहा के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आए अन्य मजदूरों को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।

आरोप है कि अंकुर त्रिवेदी ने संतोष का कॉलर पकड़कर लात-घूंसों से हमला किया। इस दौरान अन्य मजदूर भी घायल हुए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने निर्माण स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी पत्थर और डंडे से तोड़ दिया। जाते समय आरोपियों ने 25 लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

फरियादी संतोष कुशवाहा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी अवधेश त्रिवेदी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, अंकुर त्रिवेदी सहित अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि अंकुर त्रिवेदी और उनके पिता के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, अवधेश त्रिवेदी के खिलाफ करीब तीन दर्जन मामले दर्ज हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News