रात के अंधेरे में BJP नेताओं पर हमला, कार का कांच चकनाचूर, जिलाध्यक्ष बचे, एक घायल
Wednesday, Jun 03, 2026-12:49 PM (IST)
रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम में भाजपा जिलाध्यक्ष की कार पर हुए हमले से राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन उस समय बाल-बाल बच गए, जब उनकी कार पर अज्ञात बदमाशों ने पत्थरबाजी कर दी। इस हमले में कार का शीशा चकनाचूर हो गया, जबकि साथ में मौजूद एक कार्यकर्ता घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन और कार्यकर्ता चिराग नाहर रावटी में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने जा रहे थे। सोमवार रात करीब 8 बजे मोरवानी क्षेत्र के आमलीपाड़ा गांव के पास अचानक उनकी कार पर पत्थर से हमला किया गया। तेज रफ्तार से आया पत्थर कार की खिड़की तोड़ते हुए अंदर जा घुसा और कार्यकर्ता चिराग नाहर के सिर में जा लगा।
घटना के बाद कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन को पास के गांव में रोका गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घायल कार्यकर्ता को तुरंत रतलाम लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। भाजपा नेताओं का दावा है कि कार पर गोफन से पत्थर फेंककर हमला किया गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या यह सुनियोजित हमला था या फिर शरारती तत्वों की करतूत? पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

