BJP विधायक की कांग्रेस को नसीहत, प्रज्ञा को मामूली मत समझना, वह शेरनी है

12/3/2019 4:04:07 PM

भोपाल: लोकसभा में गोडसे देशभक्त बयान से परेशानी से घिरी साध्वी प्रज्ञा के बचाव में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा आए है। उन्होंने कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी द्वारा साध्वी प्रज्ञा को जला देने की धमकी देने व बाद में माफी मांगने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक रामेश्वर शर्मा ने साध्वी प्रज्ञा की तारीफ करते हुए उन्हें शेरनी कहा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है।



भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि ब्यावरा विधायक के शब्द गुस्से में नहीं निकले थे, बल्कि सोची समझी रणनीति के तहत थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रज्ञा ठाकुर को बार-बार अपमानित करना चाहते हैं। पहले कांग्रेस ने साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ गैरकानूनी कार्रवाई करके उन्हें जेल में रखा। अब कांग्रेस उन्हें बार-बार बदनाम करने की कोशिश करती है। लेकिन साध्वी प्रज्ञा भारत की वो शेरनी है, वो साध्वी है, जिसने कांग्रेस को चुनौती दी और चुनौती देकर चुनाव में दिग्विजय सिंह से दो-दो हाथ किए।



उन्होंने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव में दिग्विजय सिंह को मुंह की खानी पड़ी थी। कांग्रेस के विधायक ने प्रज्ञा को जिंदा जला देने की धमकी दी थी, लेकिन जब शेरनी दहाड़ी तो ब्यावरा विधायक दांगी को पीछे हटना पड़ा। रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेसियों को चुनौती भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस मित्रों से यह कहना चाहता हूं कि भारत की बेटी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर शेरनी है, दुर्गा है, काली है, सरस्वती है।



इसे पूजोगे तो विद्या देगी लेकिन अपराधी बनोगे तो दुर्गा बनकर संघर्ष करेगी। इसलिए अब नैना साहनी तंदूर कांड करना बंद करो। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर को मामूली समझकर जलाने की धमकी देने की गलती मत करना। यह भारत की हिंदू और भगवा शेरनी है। ये तुम्हे मुंहतोड़ जवाब भी देगी और तुम्हारे द्वार पर भी आएगी।

 

meena

This news is Edited By meena