BJP विधायक ने CM से की अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण की मांग, कहा- वे विंध्य के गौरव हैं
Thursday, Feb 03, 2022-12:58 PM (IST)

भोपाल(प्रतुल पाराशर): बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी इन दिनों सुर्खियों में है। इसकी वजह उनका सीएम शिवराज को लिखा पत्र है जिसमें उन्होंने अपने धुर विरोधी पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के पिता पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण की मांग की है। पूर्व सीएम के सम्मान की खातिर बीजेपी विधायक ने यह पत्र लिखा है।
बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण के लिए सीएम शिवराज से मांग की है। विधायक ने प्रतिमा का अनावरण ना होने को विंध्य का अपमान और उपेक्षा बताया है। उन्होंने अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण के लिए मांग करते हुए लिखा कि अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण के लिए गरिमामय आयोजन किया जाए। साथ ही लिखा कि मुख्यमंत्री से समय ना मिलने के कारण प्रतिमा अनावरण के लिए प्रतीक्षारत है।
अर्जुन सिंह विंध्य का गौरव और जन जन के नेता रहे हैं। उनकी प्रतिमा का अनावरण ना होने के कारण विंध्यवासी अपने आप को अपमानित महसूस कर रहे है। सीएम से कहा कि प्रतिमा के अनावरण के गौरवमयी कार्यक्रम रखा जाए यही अर्जुन सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।