''मेरे गोद लिए गांव के लोग अपनी बेटियां बेच देते हैं''...सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने दिया विवादित बयान, शासन-प्रशासन पर उठ रहे सवाल

9/20/2022 1:32:20 PM

भोपाल(विवान तिवारी): भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बयान के बाद शिवराज सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही साथ पुलिस प्रशासन भी निशाने पर आ गया है। वहीं बयान पर कांग्रेस ने भी निशाना साधा है और सरकार की योजनाओं और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर सवाल उठाए हैं।

प्रज्ञा ठाकुर ने भोपाल में एक कार्यक्रम में कहा कि मेरे गोद लिए गांव में ऐसी कुछ बस्तियां हैं जिनमे ऐसे लोग रहते हैं उनके पास ना पढ़ने का साधन है ना उनके माता-पिता के पास कमाई का साधन है। मैंने उनको गोद लिया है। वो लोग कच्ची शराब बनाने और बेचने का काम करते हैं और उन्हें कभी कभी पुलिस पकड़कर ले जाती हैं। उनको छुड़वाने के लिए उन लोगों के पास पैसे नहीं होते हैं। तो वो अपनी मासूम बच्चियों को बेच देते हैं और फिर उससे वो अपने लोगों को छुड़वाते हैं।

दरअसल, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर शनिवार को व्यापारियों के संगठन 'भारतीय उद्योग व्यापार मंडल मध्य प्रदेश' के कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। संगठन ने सांसद के गोद लिए गांव के बच्चों के लिए सामग्री भेंट की थी। इसी कार्यक्रम में मंच से संगठन का आभार जताने के बाद सांसद ने उनकी पीड़ा बताई। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन गांवों में लोगों की इतनी बुरी हालत है कि वहां खाने पीने को भी कुछ नहीं है। मैंने जिन तीन गांवों को गोद लिया है, उनमें लगभग 250-300 बच्चे हैं। इसी कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

meena

This news is Content Writer meena