मंत्री जी को सोशल मीडिया पोस्ट पड़ी भारी! भाजपा ने पद से किया बाहर
Saturday, Mar 07, 2026-03:04 PM (IST)
सागर। Bharatiya Janata Party (भाजपा) में कार्यकारिणी घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर असंतोष जताना एक नेता को भारी पड़ गया। पार्टी ने Devendra Katare को जिला कार्यालय मंत्री के पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई Shyam Tiwari द्वारा जारी आदेश के बाद की गई।
दरअसल, 1 मार्च को Sagar जिले में भाजपा की 35 सदस्यीय नई कार्यकारिणी घोषित की गई थी, जिसमें देवेंद्र कटारे को जिला कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन पद मिलने के बावजूद कटारे ने सोशल मीडिया पर पार्टी के फैसले को लेकर नाराजगी जाहिर कर दी।
कटारे ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि “मैं पार्टी के निर्णय से पूर्णतः निराश और असंतुष्ट हूं, मुझे किसी प्रकार की शुभकामनाएं न दें।” वहीं एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा कि “आज फिर चमचों-चापलूसों की जीत हो गई, संगठन की तीसरी आंख फूट गई।”
मामला सामने आते ही पार्टी संगठन ने इसे गंभीरता से लिया और कटारे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस के जवाब में दिए गए स्पष्टीकरण को पार्टी नेतृत्व ने संतोषजनक नहीं माना।
इसके बाद प्रदेश संगठन के निर्देश पर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने आदेश जारी करते हुए देवेंद्र कटारे को तत्काल प्रभाव से जिला कार्यालय मंत्री के पद से मुक्त कर दिया।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पद के प्रति अरुचि जताना और संगठन की रीति-नीति के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसी के चलते यह कार्रवाई की गई।

