राहुल गांधी के मंच पर लगा था भाजपा के केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह का फोटो ,लोग हुए हैरान, दौरे से पहले हो गई फजीहत...

4/8/2024 12:09:05 PM

मंडला। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियां अपनी-अपनी तैयारी कर रही हैं सिवनी जिले में लखनादौन विधानसभा के धनोरा गांव में राहुल गांधी जनता को संबोधित करेंगे। आपको बता दें कि राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। राहुल गांधी के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम कर दिए हैं और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं। इस बीच कांग्रेस नेताओं की लापरवाही से पार्टी की फजीहत हो गई। आपको बता दें कि राहुल गांधी की रैली से पहले मंच तैयार किया गया और मंच पर बैनर लगाया गया था।


 इस बैनर में कांग्रेस नेताओं के फोटो लगे थे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं से बड़ी चूक हो गई। कांग्रेस नेताओं ने इस बैनर में भाजपा के केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान में मंडला संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी फग्गन सिंह का फोटो लगा दिया।


 जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने उस मुख्य बैनर की फोटो पर दूसरा पोस्टर चिपका दिया। कांग्रेस नेताओं ने फग्गन सिंह के फोटो को छुपा दिया और विधायक रजनीश हरबंस सिंह का फोटो लगा दिया है।

Himansh sharma

This news is Content Editor Himansh sharma