बसपा नेता साहब गुर्जर की घर वापसी, दिग्विजय सिंह ने दिलाई सदस्यता

4/20/2019 9:50:33 AM

ग्वालियर: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में दलबदल का दौर जारी है। विधानसभा चुनावों में नामांकन भरने की तारीख से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर हाथी की सवारी करने वाले साहब सिंह गुर्जर ने घर वापसी कर ली है। साहब सिंह ने भोपाल में दिग्विजय सिंह के सामने कांग्रेस की फिर सदस्यता ले ली।



 

जानकारी के अनुसार, साहब सिंह गुर्जर का क्षेत्र में राजनीतिक दबदबा है। बसपा में आने से पहले वे कांग्रेस के बैनर पर ही जनपद और जिला पंचायत में सदस्य भी रहे साथ ही ग्रामीण कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। लेकिन विधानसभा चुनावों में वे ग्वालियर विधानसभा से टिकट मांग रहे थे। लेकिन पार्टी ने बसपा से पूर्व विधायक रहे मदन कुशवाह को टिकट दे दिया था। जिसके बाद उन्होंने नाराज होकर बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और दूसरे नंबर पर रहे। सूत्रों की माने तो वे बसपा में असहज महसूस कर रहे थे और अभी वे ग्वालियर लोकसभा से बसपा से टिकट मांग रहे थे लेकिन टिकट नहीं मिलने और कुछ कांग्रेस नेताओं के संपर्क में होने के चलते उन्होंने फिर कांग्रेस ज्वाइन कर ली। माना जा रहा है कि दिग्विजय गुट की मदद से ग्रामीण क्षेत्र के इस सक्रिय गुर्जर नेता की घर वापसी से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक सिंह को बहुत फायदा मिलेगा। 

ASHISH KUMAR

This news is ASHISH KUMAR