मौत की पुलिया में जा गिरी यात्रियों से भरी बस! 2 की मौत के साथ कई घायल

3/5/2023 7:28:38 PM

इंदौर (सचिन/गौरव): इंदौर में फिर से सड़क हादसा हुआ है। इंदौर-खंडवा मार्ग (indore khandwa road) पर यात्रियों से भरी एक बस बाई गांव के पास पुलिया से नीचे गिर गई। इस हादसे में 38 यात्री घायल हुए है, जबकि हादसे में 2 महिलाओं की मौत भी हुई है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक जयसवाल बस इंदौर से खंडवा जा रही थी, यह घटना सिमरोल थाना क्षेत्र के बाई ग्राम के पास हुई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई है। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत करके बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला कर जान बचाई है।

हादसे में 8 यात्रियों की स्थिति गंभीर 

यात्रियों का हाल जानने पहुंचे संभागायुक्त पवन शर्मा ने बताया कि सिमरोल थाना क्षेत्र के पास पुलिया के नीचे बस पलटने से 38 यात्री को एमवायएच अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जबकि 8 यात्रियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही 2 महिलाओं की मौत हुई है। घायलों के इलाज के लिए एमवायएच में सुविधाए उपलब्ध करवाई गई है। सभी का इलाज अस्पताल में जारी है।

टेक्निकल फेलियर की वडह से हुआ हादसा! 

ग्रामीण आईजी राकेश गुप्ता के मुताबिक घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उनके उपचार की भी सभी सुविधाएं कर दी गई है। बस दुर्घटनाग्रस्त जहां हुई है, वह घाट सेक्शन नहीं था। लेकिन दुर्घटना की वजह टेक्निकल फेलियर सामने आ रही है, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई थी। क्योंकि यह प्राथमिक तौर पर मिली जानकारी है, लेकिन इस पर आगे जांच की जाएगी। एमवायएच अधीक्षक डॉ. पीएस ठाकुर के मुताबिक बस दुर्घटना में कुल 38 यात्री घायल हुए हैं। जबकि 7 घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना में 2 महिलाओं की मौत हुई है। सभी घायलों का इलाज जारी है।

टायर फटने के बाद पुलिया के नीचे जा गिरी बस: यात्री

इधर घायल यात्री सुनील राठौड़ के मुताबिक बस इंदौर से खंडवा जा रही थी। हम लोग भी इंदौर से ही बस में खंडवा जाने के लिए सवार हुए थे, लेकिन अचानक टायर फटने की वजह से बस पुलिया के नीचे जा गिरी गई। जिसके कारण लगभग 40 यात्री घायल हुए हैं। गौरतलब है कि इस साल यह दूसरा घटनाक्रम है, जब भेरूघाट सेक्शन में एक बार फिर बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई है, जिसके कारण कई लोगों की जान पर बन आई है। वही दो महिलाएं काल के गाल में समा गई। प्रशासन के मुताबिक कई यात्रियों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है, उनका उपचार चल रहा है।  

Vikas Tiwari

This news is Content Writer Vikas Tiwari