CAA भारतीय संविधान के खिलाफ, कांग्रेस इसका विरोध कर रही है: दिग्विजय सिंह

12/20/2019 1:49:21 PM

होशंगाबाद (गजेंद्र राजपूत): मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को होशंगाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम भारतीय संविधान के खिलाफ है। इसीलिए कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। वहीं एनआरसी किसी भी हालत में मध्य प्रदेश में लागू नहीं होगा। पूर्व सीएम शुक्रवार को होशंगाबाद पहुंचे थे। जहां उन्होंने सोहागपुर में एक मृतक छात्र के परिजनों को सांत्वना देते हुए पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की और छात्र की आत्महत्या के मामले में जांच को असंतोषजनक बताया।

निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने देश में फैली हिंसा पर कहा कि यह हिंसा सरकार फैला रही है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि मेरे पास ऐसे वीडियो हैं, जिनमें पुलिस वाले पत्थरबाजी कर रहे हैं। बसें जलाते हुए दिख रहे हैं।

वहीं माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय संबंधी मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जामिया और एमसीयू दो अलग-अलग विषय हैं। एमसीयू के वीसी को क्लीन चिट देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि यदि कोई छात्र अनुशासनहीनता करता है तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए और मैं इसके पक्ष में हूं। अवैध रेत खनन के मुद्दे पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब हम विपक्ष में थे तब हमने इसे बहुत बड़ा मुद्दा बनाया था। प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना पड़ेगा, क्योंकि हम रेत के अवैध खनन के खिलाफ थे हैं और रहेंगे।

Jagdev Singh

This news is Edited By Jagdev Singh