कांग्रेस पार्षद के साथ मारपीट में BJP प्रत्याशी के बेटों पर मामला दर्ज
11/24/2018 3:57:36 PM
जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में एक हफ्ते में हुई दूसरी हिंसक वारदात के बाद पुलिस ने BJP प्रत्याशी अंचल सोनकर के दो बेटों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। इसके पहले 18 नवंबर को भी इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और BJP प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हिंसक टकराव हुआ था।
हनुमानताल थाना प्रभारी विजय तिवारी के अनुसार कांग्रेस नेता संजय चौधरी के कार्यालय में शुक्रवार देर रात, कांग्रेस पार्षद जतिन राज काम कर रहे थे। तभी BJP प्रत्याशी अंचल सोनकर के पुत्र राजा व राम करीब सौ से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे।आरोप है कि दोनों ने कांग्रेस पार्षद के साथ गाली-गलौज करते हुए तोडफ़ोड शुरू कर दी। इसके बाद वे पार्षद का मोबाइल लूटकर अपने साथ ले गए।
कांग्रेस पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने BJP प्रत्याशी के दोनों पुत्रों सहित सौ अन्य के खिलाफ धारा प्रकरण दर्ज कर लिया। इसके पहले 18 नवम्बर को भी बेलबाग थाने के सामने कांग्रेस व BJP प्रत्याशियों के समर्थकों में हिंसक टकराव और गोलीबारी की घटना में तीन लोग घायल हुए थे।