छतरपुर में विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म, महिला गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती

Sunday, Dec 08, 2024-11:01 PM (IST)

छतरपुर। (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मऊसहानियां निवासी विवाहित महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जहां दो युवकों द्वारा बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया है। पीड़ित महिला द्वारा उक्त मामले की नौगांव थाना में शिकायत की गई है। जिस पर मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने विवेचना शुरु कर दी है। वहीं महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। 

मऊसहानियां निवासी पीड़ित महिला के पति ने बताया कि गत 2 दिसंबर को वह किसी काम से हरपालपुर गया था, घर पर उसकी पत्नी अकेली थी। देर रात जब वह वापस लौटा तो पत्नी घर में नहीं मिली। उसने आसपास तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद सुबह जब पत्नी घर आई जब उसने बताया कि रात को उसके परिचित व्यक्ति एक अन्य व्यक्ति के साथ घर पर आया और उसने बातों- बातों में उसे कुछ खिला दिया जिससे वह सुध-बुध भूल गई।

PunjabKesari इसके बाद दोनों उसे उठाकर ले गए और रात भर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित महिला की शिकायत पर नौगांव थाना में परिचित आरोपी सहित एक अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। चूंकि महिला की हालत गंभीर है, जिसके चलते जिला अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News