MP में कांग्रेस नेताओं को काला दिवस मनाना पड़ा भारी, 6 के खिलाफ मामला दर्ज

3/22/2021 5:39:22 PM

मंदसौर (प्रीत शर्मा): 20 मार्च को मंदसौर में तिरंगा यात्रा निकालना कांग्रेस को भारी पड़ गया है। मंदसौर पुलिस ने कांग्रेस के 6 नेताओं पर धारा-144 का उल्लंघन करने पर मामला दर्ज किया है।  मंदसौर में कांग्रेस नेताओं के तिरंगा यात्रा निकाली थी। दरअसल पिछले साल 20 मार्च के दिन तत्कालीन सीएम कमलनाथ ने इस्तीफा दिया था। कांग्रसे इस दिन को काला दिवस के रूप में मना रही थी।

इस दिन कांग्रेस ने मंदसौर में संविधान की दुहाई देकर तिरंगा यात्रा निकाली थी, लेकिन कांग्रेस के ये आंदोलन अब उन्हीं के नेताओं पर भारी पड़ गया है। पुलिस ने शहर कोतवाली में 6 नामजद कांग्रेस नेताओं के साथ अन्य लोगों पर कोरोना काल में बिना अनुमति तिरंगा यात्रा निकालने पर ये मामला दर्ज किया है।

इसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष नवकृष्ण पाटिल का नाम भी शामिल है। मामला दर्ज होने के बाद आज कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मंदसौर एसपी और कलेक्टर से मिला और पूरे मामले को अधिकारियों के सामने रखा। इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नवकृष्ण पाटिल ने कहा कि तिरंगा यात्रा के दौरान कांग्रेस की रैली नियमों का पालन करते हुए निकाली गई थी, जिसमें सभी ने मास्क लगा रखा था और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया था। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बावजूद इसके उन पर मामला दर्ज किया गया है जो गलत है। वहीं, पुलिस इन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कह रही है।

 

shahil sharma

This news is Content Writer shahil sharma