जन्मदिन पर काटा केक जिंदगी भर रहेगा याद! इस वजह से भाजपा पदाधिकारी पर मामला हो गया दर्ज
Thursday, Aug 27, 2026-02:43 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : जन्मदिन पर केक काटना एक युवक को भारी पड़ गया। कोलार पुलिस ने युवक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। युवक भाजपा युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भोपाल के कोलार क्षेत्र में 21 अगस्त को जन्मदिन के जश्न के दौरान तलवार से केक काटने का वीडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद कोलार थाना पुलिस ने आरोपी विशाल पाठक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी विशाल पाठक कोलार भाजपा युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है।

कोलार रोड थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक विशाल पाठक पिता राजेश पाठक कोलार रोड के सर्वधर्म सी-सेक्टर का रहने वाला है। बीते 21 अगस्त को उसने किड्स कैंपस स्कूल के पास अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी की थी। इसी दौरान उसने दहशत फैलाने के अंदाज में हवा में तलवार लहराई और अपना बर्थडे केक काटा। इसके बाद खुद ही यह वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। जिसके बाद विशाल के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के साथ साथ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

